Poonch Border Firing: जिला पुंछ में भारतीय जवान सीमा पर पाक गोलीबारी का दे रहे मुंहतोड़ जवाब
2019 में 6 जून तक पाकिस्तान ने 1171 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है जबकि 2018 में 1629 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है।
पुंछ, जेएनएन। जिला पुंछ के शाहपुर सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय जवानों ने भी इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। पाक सैनिकों द्वारा दोपहर बाद शुरू की गई गोलीबारी में हल्के हथियारों का इस्तेमाल किया गया। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद गोलीबारी थम गई। बीच में थोड़े समय के लिए यह गोलीबारी तेज भी की गई परंतु भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद इसे रोक दिया गया। अब रूक-रूककर पाक सैनिक भारतीय सीमा में गोलीबारी कर रहे हैं।
सैन्य सूत्रों के अनुसार इस गोलीबारी में किसी तरह की क्षति की सूचना नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान पिछले कई महीनों से सीज फायर का उल्लंघन करता आ रहा है। पहले तो वह भारतीय चौकियों के साथ-साथ नियंत्रण रेखा से सटे रिहायशी इलाकों में मोटार्र भी दागता था परंतु अब वह हल्के हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह आशंका जताई जा रही है कि भारतीय क्षेत्र में आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। वहीं 2019 में 6 जून तक पाकिस्तान ने 1171 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है जबकि 2018 में 1629 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप