भारतीय सेना ने पाक के दुस्साहस का दिया जवाब
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : पाकिस्तान अशांत देश है। वह भारत में भी अशांति फैलाने की कोशिश
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : पाकिस्तान अशांत देश है। वह भारत में भी अशांति फैलाने की कोशिश करता रहता है, लेकिन पाकिस्तान ने जब कभी दुस्साहस किया है तो भारतीय सेना ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। सर्जिकल स्ट्राइक पार्ट टू उसका उदाहरण है।
यह शब्द भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा ने बिश्नाह में आयोजित भाजपा कोआपरेटिव सेल के जिला प्रधान गगन भाटिया की ओर से आयोजित सुशासन दिवस के मौके पर कहे। उन्होंने कोआपरेटिव मंत्री शेरिंग दोरजे और राज्य संगठन के महामंत्री अशोक कौल के साथ दीप जलाकर सुशासन दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत की।
सत शर्मा ने कहा कि सुशासन दिवस पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के मौके पर मनाया जाता है, जिसमें अटल जी के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यो को जनता के समक्ष रखा जाता है।
उन्होंने कोआपरेटिव सेल की ओर से आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा की। वहीं, कोआपरेटिव व लद्दाख मामलों के मंत्री शेरिंग दोरजे ने कहा कि कोआपरेटिव सेल बढि़या काम कर रहा है। इसको आगे ले जाना युवाओं का काम है। वहीं, अशोक कौल ने भी युवाओं में जोश भरने का काम किया। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखें।
इस मौके पर कोआपरेटिव सेल के राज्य प्रधान भजन सिंह, पम्मी, नरेंद्र सिंह, जिला प्रधान गगन भाटिया, मंडल प्रधान नारायण दत्त शर्मा, राजेंद्र सिंह लंगेह, सुरेश शर्मा, अनुसूचित जाति के राज्य महासचिव धर्मेद्र कुमार, नरेश शर्मा, कपिल गुप्ता, बिशन चौधरी व राजीव गुप्ता सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।