यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jammu Kashmir: चौबीस घंटे में दूसरा बड़ा सड़क हादसा, राजौरी सड़क दुर्घटना में 5 की मौत, दो दिनों में अब तक 17 की जान गई
दो दिनों में हुए इन दो सड़क हादसों में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है।घायलों को मंजाकोट ...और पढ़ें

राजौरी, जेएनएन : जम्मू संगभाग में पिछले चौबीस घंटों के भीतर दूसरा बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। जिला राजौरी में पेश आए इस सड़क हादसे में अब तक बस ड्राइवर, कंडक्टर समेत 5 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की जा चुकी है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह सड़क दुर्घटना जिला राजौरी के मंजाकोट इलाके में पेश आई है। यहां यात्रियों से भरी बस खाई में लुढ़क जाने से उसमें बैठे करीब 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सेना, पुलिस व स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य जारी रखा हुआ है। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है। दो दिनों में हुए इन दो सड़क हादसों में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है।घायलों को मंजाकोट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिन्हें गंभीर चोटें आई थी, उन्हें मंजाकोट अस्पताल में प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद राजौरी जिला अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया है।
Anguished by the loss of lives due to a tragic accident in Rajouri. In this hour of grief, my thoughts are with the bereaved families. May the injured recover at the earliest. The district administration is providing all possible assistance.
— Office of LG J&K (@OfficeOfLGJandK) September 15, 2022
वहीं जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजौरी सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर लिखा कि मैं राजौरी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों यही मेरी कामना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है।
आपको बता दें कि गत बुधवार को पुंछ के सीमांत इलाके साब्जियां में हुए सड़क हादसे में 12 लोगों की जान गई थी जबकि 27 अन्य घायल हुए थे। पिछले चौबीस घंटों के भीतर हुए इस बड़े सड़क हादसे में अब तक 17 लोग अपनी जान गवां चुके हैं जबकि 52 लोग घायल हो चुके हैं।
सूत्रों ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए हैं। बचाव अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल से अब तक आठ शवों को बरामद किया गया है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि जम्मू से आ रही यह बस पुंछ की ओर जा रही थी। जिला राजौरी के मंजाकोट इलाके के पहाड़ी इलाके डेरी रैलियोट से जब यह बस गुजर रही थी, तभी चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधा खाई में जा गिरी।
बस को खाई में गिरते कुछ लोगों ने देख लिया। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सेना, पुलिस बचाव के लिए वहां पहुंच गई। उन्होंने खाई में गिरी बस में से घायलों को बाहर निकाला और मुख्य सड़क पर लाकर वहां से आसपास के अस्पतालों में पहुंचाना शुरू कर दिया। स्थानीय नागरिक ने बताया कि बस में से करीब 5 शव बाहर निकाल गए हैं। इन लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी। घायलों की संख्या 26 के करीब बताई जा रही है।
वहीं इस सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही डीसी राजौरी व एसएसपी राजौरी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बचाव अभियान में तेजी लाने के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने घायलों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश भी दिए हैं।
