Kashmir: दो बच्चों की मौत के बाद जिला अनंतनाग में नदी-नालों में नहाने पर लगा प्रतिबंध
डीसी अनंतनाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी तहसीलदारों पुलिस अधिकारियों (एसएचओ) और जल शक्ति विभाग के इंजीनियरों को आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए कहा।
श्रीनगर, जेएनएन। जिला अनंतनाग में एक ही दिन में दो बच्चों के झेलम नदी में नहाते समय डूब जाने के बाद प्रशासन ने मुख्य नदी, इसकी सहायक नदियों, नालों सहित जन्य जल निकायों में नहाने-तैरने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यही नहीं तहसीलदार, जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह उनके क्षेत्राधिकार में इस प्रतिबंध काे सख्ती से लागू करें और आम लोग इसका पालन करें इसे यकीनी बनाया जाए।
पिछले एक सप्ताह के दौरान घाटी में नदी-नालों में नहाते हुए डूबने की घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला अनंतनाग के खिरम इलाके में नहाते समय 12 वर्ष के दो लड़के नहर में डूब गए थे।इन बच्चों की पहचान अबरार और वसीम के रूप में हुई।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाया और दोनों बच्चों के शवों को बरामद किया।पिछले एक महीने की बात करें तो पानी में डूबने के कारण अब तक छह से अधिक लोगों की जानें जा चुकी हैं। इन बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अनंतनाग जिला प्रशासन ने नदियों, नालों में नहाने-तैरने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
उन्होंने कहा कि इन नदी-नालों की गहराई की जानकारी न होने की वजह से अकसर लोग मोजमस्ती के इरादे से इनमें उतर आते हैं और अपनी जान गंवा बैठते हैं। उन्होंने कहा कि यह लापरवाही जीवन के लिए खतरा बन रही है, इसलिए एहतियात के तौर पर यह प्रतिबंध लगाया गया है।डीसी अनंतनाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी तहसीलदारों, पुलिस अधिकारियों (एसएचओ) और जल शक्ति विभाग के इंजीनियरों को आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वे सभी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में नदी-नालों पर कड़ी निगरानी रखें।