Jammu Kashmir Weather: उमस कर रही बेहाल, आज शाम को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना
इस वर्ष अभी तक सामान्य से करीब आधी बारिश हुई है। अगस्त के पहले सप्ताह तक सामान्य से 224 एमएम कम बारिश हुई है। मानसून के दौरान कम बारिश किसानों की चिंता बढ़ा रही है।
जम्मू, जागरण संवाददाता: मौसम की अठखेलियों के बीच उमस बेहाल कर रही है। बुधवार की हल्की बूंदाबांदी कुछ स्थानों पर वीरवार तड़के तक रही। बेशक यह फुहार ही थी लेकिन फसलों के लिए इस बारिश को काफी लाभकारी माना जा रहा है। इस हल्की बूंदाबांदी के बाद तापमान में हल्की गिरावट आई लेकिन उमस लगातार पसीने छुड़ा रही है।
तापमान के हिसाब से देखा जाए तो जम्मू और श्रीनगर का तापमान बराबर ही चल रहा है लेकिन जम्मू में हवा में नमी ने जीना मुहाल किया हुआ है। पिछले 24 घंटों में जम्मू में 11.0 एमएमए बारिश रिकार्ड की गई। कटड़ा में 5.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं बनिहाल, भद्रवाह आदि क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई।मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार 18 अगस्त को धूल भरी आंधी के साथ बारिश के आसार हैं। हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी।आज शाम को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि सुबह मौसम साफ बना हुआ है।
इस वर्ष अभी तक सामान्य से करीब आधी बारिश हुई है। अगस्त के पहले सप्ताह तक सामान्य से 224 एमएम कम बारिश हुई है। मानसून के दौरान कम बारिश किसानों की चिंता बढ़ा रही है। अक्सर जम्मू में जुलाई महीने में सबसे ज्यादा बारिश होती थी लेकिन इस वर्ष जुलाई में मात्र 154.6 एमएम बारिश हुई। इस महीने सामान्य बारिश 331.4 एमएम होती है। जून में भी इस वर्ष बहुत कम बारिश हुई। जून की सामान्य बारिश 87.5 एमएम है लेकिन इस वर्ष 58.6 एमएम बारिश ही हुई है। अगस्त में भी अभी तक सामान्य से कम बारिश ही हुई है। पिछले 13 दिनों में करीब 94 एमएम बारिश हुई है। जो सामान्य से काफी कम है। जुलाई के अंत तक सामान्य से 224 एमएम कम बारिश हुई है।
श्रीनगर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम का अधिकतम तापमान 27.1, न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 24.5, न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बनिहाल का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू का अधिकतम 33.8, न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। कटड़ा का अधिकतम तापमान 30.0, न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा। कारगिल का अधिकतम तापमान 33.2, न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।