विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कम जमीन में मोटा मुनाफा, जम्मू के किसानों की किस्मत बदल सकती है फूलों की खेती; मंदिरों से शादियों तक मांग

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:00 AM (IST)

Flower Farming: जम्मू-कश्मीर में फूलों की व्यावसायिक खेती किसानों के लिए आर्थिक स्थिति सुधारने का एक बड़ा अवसर है, क्योंकि धार्मिक पर्यटन और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में फूलों की लगातार मांग बनी रहती है।

फूलों की खेती से जम्मू के किसानों की आमदनी बढ़ाने की संभावना। (फाइल फोटो)

फूलों की खेती से जम्मू के किसानों की आमदनी बढ़ाने की संभावना। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू में फूलों की खेती से किसानों की आय बढ़ेगी।

  2. धार्मिक पर्यटन, शादियों से फूलों की मांग लगातार बनी रहती है।

  3. महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।

जागरण संवाददाता, जम्मू। खेती में बढ़ती लागत और पारंपरिक फसलों से सीमित आमदनी के बीच अब किसानों को ऐसी फसलों की ओर रुख करने की जरूरत है, जिनसे कम भूमि में बेहतर आर्थिक लाभ हासिल किया जा सके। फूलों की खेती ऐसा ही एक विकल्प है, जो जम्मू संभाग के किसानों की आर्थिक स्थिति बदलने की क्षमता रखता है। जम्मू की भौगोलिक परिस्थितियां, अलग-अलग क्षेत्रों की जलवायु और फूलों की लगातार बढ़ती मांग इस क्षेत्र में व्यावसायिक पुष्प उत्पादन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करती हैं।

जम्मू को मंदिरों के शहर के रूप में जाना जाता है। माता वैष्णो देवी यात्रा, धार्मिक स्थलों, मंदिरों में होने वाले आयोजनों, शादी-विवाह, सामाजिक समारोहों और पर्यटन गतिविधियों के कारण यहां फूलों की खपत लगातार बनी रहती है।

गेंदे, गुलाब, ग्लैडियोलस, रजनीगंधा और चमेली जैसे फूलों की मांग पूजा-पाठ से लेकर सजावट तक रहती है। इसके बावजूद स्थानीय बाजार की मांग का एक हिस्सा बाहर से आने वाले फूलों के माध्यम से पूरा होता है। ऐसे में यदि जम्मू के किसान योजनाबद्ध तरीके से फूलों की खेती अपनाएं तो स्थानीय मांग को पूरा करने के साथ अपनी आमदनी भी बढ़ा सकते हैं।

 दूसरे राज्यों से मंगवानी पड़ती है अच्छी किस्मों की पनीरी

गांव गंगोचक के किसान डा. कमल शर्मा के अनुसार, जम्मू में फूलों की खेती की काफी संभावनाएं हैं लेकिन किसानों को उन्नत किस्मों की फसलों की पनीरी समय पर नहीं मिलती। वह अक्सर राजस्थान या कहीं दूसरे राज्य से अच्छे फूलों की पनीरी मंगवाते रहते हैं।

त्योहारों के समय में तो अच्छे दाम मिलते हैं, लेकिन आम दिनों में जब बाहर से बसों में फूलों के लिफाफे पहुंचने लगते हैं तो यहां के किसान उनका मुकाबला नहीं कर पाते। स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस प्रयास करने की जरूरत है।

पहाड़ी इलाके से भी अब काफी फूल आने लगे हैं लेकिन बीच-बीच में ऐसे भी दिन आते हैं जब उन्हें अपनी लागत भी पूरी करना मुश्किल हो जाता है। सरकार अगर फूलबाड़ी करने वालों को प्रोत्साहित करे तो यहां का किसान यहां की लागत अनुसार फूल पैदा कर सकता है। डोडा जिले के गजोत क्षेत्र ने तो 'मैरीगोल्ड विलेज' के नाम से ही पहचान बना ली है।

धार्मिक आयोजनों और त्योहारों में गेंदे के फूलों की रहती है मांग

गेंदे की खेती अपेक्षाकृत छोटे किसानों के लिए उपयोगी है, क्योंकि धार्मिक आयोजनों और त्योहारों में इसकी मांग रहती है। गुलाब की खेती से कट फ्लावर और अन्य उत्पादों के बाजार में अवसर मिल सकते हैं।

ग्लैडियोलस, जरबेरा और लिलियम जैसे फूलों की मांग होटल, विवाह समारोहों, बुके और इवेंट डेकोरेशन में रहती है। वहीं लैवेंडर और रोजमेरी जैसे सुगंधित पौधों की खेती से फूलों के साथ-साथ सुगंधित तेल और अन्य उत्पाद तैयार करने की संभावनाएं भी हैं।

महिलाओं, युवाओं के लिए स्वरोजगार का अवसर

फूलों की खेती केवल खेत में फूल उगाने तक सीमित नहीं है। इससे नर्सरी तैयार करने, पौधों की बिक्री, माला बनाने, बुके तैयार करने, फूलों की पैकिंग, सजावट और विपणन जैसे अनेक छोटे व्यवसाय विकसित किए जा सकते हैं। विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं के स्वयं सहायता समूह इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

भद्रवाह के सरतिंगल गांव में महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों ने गेंदे की खेती को आजीविका का माध्यम बनाना शुरू किया है। सीएसआइआर-भारतीय समेकित औषधि संस्थान आइआइआइएम के सहयोग से महिलाओं को पौध सामग्री और तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया।

इस पहल से ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुले हैं। यह उदाहरण बताता है कि फूलों की खेती महिला सशक्तीकरण का भी प्रभावी माध्यम बन सकती है।

सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की जरूरत

फूलों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। मिशन फार इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हार्टिकल्चर के अंतर्गत कट फ्लावर, खुले खेतों में फूलों की खेती, नर्सरी विकास और संरक्षित खेती जैसे घटकों को प्रोत्साहन दिया जाता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।