विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने से हाई अलर्ट, लाउडस्पीकर से दी जा रही चेतावनी; लोगों को नदी से दूर रहने की हिदायत

Published: Sun, 19 Jul 2026 08:03 PM (IST)

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे परगवाल प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गई है।

चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ा, जम्मू प्रशासन ने जारी की चेतावनी।

चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ा, जम्मू प्रशासन ने जारी की चेतावनी।

HighLights

  1. चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने पर परगवाल प्रशासन सतर्क

  2. लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई

  3. नदी से लकड़ी निकालने वालों को सुरक्षित बाहर निकाला

संवाद सहयोगी, परगवाल। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए परगवाल प्रशासन और जम्मू-कश्मीर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है।

रविवार को प्रशासन और बॉर्डर पुलिस परगवाल की संयुक्त टीम ने नदी किनारे पहुंचकर लोगों को नदी से दूर रहने की अपील की। इस दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति नदी के किनारे न जाए और अपनी जान जोखिम में न डाले।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि कुछ ग्रामीण चिनाब नदी में बहकर आ रही लकड़ियां निकालने के लिए नदी के बीच तक जा रहे थे। इसे गंभीर खतरा मानते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया तथा सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके घर भेज दिया।

प्रशासन ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश होने के कारण चिनाब नदी का जलस्तर कभी भी अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी के किनारे जाना, स्नान करना या बहकर आ रही लकड़ियां निकालने का प्रयास करना जानलेवा साबित हो सकता है।

तहसीलदार मनजीत सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा किसी भी स्थिति में नदी के किनारे न जाएं। उन्होंने लोगों से प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की।

प्रशासन ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत राहत एवं बचाव के लिए सभी संबंधित एजेंसियां तैयार हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।