राज्यपाल को धमकाने पर महबूबा के खिलाफ कार्रवाई हो: हर्षदेव
हर्षदेव सिंह ने कहा कि राज्यपाल सत्यपाल मलिक और पुलिस को धमकियां देने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने कहा कि राज्यपाल सत्यपाल मलिक और पुलिस को धमकियां देने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी की प्रधान महबूबा मुफ्ती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। अपने आवास पर हर्षदेव ने कहा कि राष्ट्रविरोधी तत्वों और आतंकियों के समर्थन के लिए महबूबा ने सिर्फ पुलिस को ही नहीं बल्कि राज्यपाल को भी चेतावनी दी है।
क्या यह ताकतवर लोग कानून से ऊपर हैं। क्या कानून सिर्फ गरीब लोगों के लिए रह गया है। खुले तौर पर कानून का उल्लंघन करने पर पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब महबूबा मुफ्ती मुख्यमंत्री थीं तो उस समय विपक्षी दलों और उनके परिवारों की अनदेखी होती थी।
अब महबूबा को आतंकियों के परिवारों की चिंता सता रही है। पूर्व पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के समय तो विपक्षी नेताओं पर मामले भी दर्ज हो चुके हैं। महबूबा उन लोगों का समर्थन कर रही हैं, जिन्होंने देश के खिलाफ युद्ध छेड़ रखा है। कुछ दिन पहले पीडीपी के नेता सचिवालय में घुस गए थे और अधिकारियों से अभद्र व्यवहार किया था।
ऐसे नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज होने चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति और राज्यपाल से आग्रह किया कि वे मामले में हस्तक्षेप करते हुए महबूबा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दें।