20 या 21 नवंबर, देवउठनी एकादशी का व्रत कब? जम्मू में तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त जानें
Tulsi Vivah Kab Hai: हरिप्रबोधिनी एकादशी इस वर्ष 20 और 21 नवंबर को अलग-अलग सम्प्रदायों द्वारा मनाई जाएगी, जिसमें सामान्य गृहस्थ 20 को और वैष्णव 21 को व्रत रखेंगे।

शादी में आ रही रुकावटों को दूर करने के लिए तुलसी की पूजा करें। (फाइल फोटो)
HighLights
हरिप्रबोधिनी एकादशी 20 और 21 नवंबर को मनाई जाएगी।
तुलसी विवाह 20 नवंबर को शुभ मुहूर्त में संपन्न होगा।
भगवान विष्णु की योगनिद्रा समाप्त, मांगलिक कार्य होंगे शुरू।
जागरण संवाददाता, जम्मू। सनातन धर्म में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखने वाली हरिप्रबोधिनी एकादशी इस वर्ष 20 और 21 नवंबर को अलग-अलग सम्प्रदायों के श्रद्धालुओं द्वारा मनाई जाएगी। सामान्य गृहस्थ एवं स्मार्त सम्प्रदाय के श्रद्धालु 20 नवंबर, शुक्रवार को जबकि वैष्णव सम्प्रदाय के अनुयायी 21 नवंबर, शनिवार को एकादशी का व्रत रखेंगे।
वहीं, तुलसी विवाह 20 नवंबर को संपन्न किया जाएगा। इसका शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 20 मिनट से 6 बजकर 54 मिनट तक रहेगा।
श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को हरिप्रबोधिनी, देवोत्थान अथवा देवउठनी एकादशी कहा जाता है।
20 नवंबर को शुरू होगी एकादशी तिथि
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं और इसके साथ ही विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। उन्होंने बताया कि एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 16 मिनट पर शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 32 मिनट तक रहेगी।
20 और 21 नवंबर को अलग-अलग दिन मनेगी देवउठनी एकादशी
महंत रोहित शास्त्री ने स्पष्ट किया कि स्मार्त एवं वैष्णव सम्प्रदाय की परंपराओं के अनुसार व्रत की तिथि अलग-अलग निर्धारित है। सामान्य गृहस्थ श्रद्धालु और स्मार्त गुरु परंपरा से दीक्षित भक्त 20 नवंबर को व्रत रखेंगे, जबकि वैष्णव गुरु से दीक्षा प्राप्त श्रद्धालु 21 नवंबर को एकादशी मनाएंगे। उन्होंने बताया कि हरिप्रबोधिनी एकादशी पर तुलसी माता का भगवान शालिग्राम के साथ विवाह कराने का विशेष धार्मिक विधान है।
गन्ने के मंडप में होता है तुलसी विवाह
इस दिन तुलसी के पौधे को वस्त्रों एवं आभूषणों से सजाकर गन्ने का मंडप बनाया जाता है। तुलसी माता को चुनरी अर्पित करने के बाद भगवान शालिग्राम को उनके समीप स्थापित कर विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाता है।
कन्या के विवाह में हो रही देरी तो घर में इस दिशा में लगाएं तुलसी
शास्त्री ने यह भी बताया कि यदि किसी कन्या के विवाह में अनावश्यक विलंब हो रहा हो तो घर के अग्निकोण यानी दक्षिण-पूर्व दिशा में तुलसी का पौधा लगाकर नियमित रूप से श्रद्धापूर्वक पूजन करना शुभ फलदायी माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इससे विवाह संबंधी बाधाएं दूर होने की कामना की जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।