जम्मू यूनिवर्सिटी में स्थापित होगी गुरु नानक देव की चेयर,
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर जम्मू विश्वविद्यालय के पंजाबी विभाग में श्री गुरु नानक देव जी की चेयर स्थापित की जाएगी।
जम्मू, सतनाम सिंह । श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर जम्मू विश्वविद्यालय के पंजाबी विभाग में श्री गुरु नानक देव जी की चेयर स्थापित की जाएगी। कठुआ जिला के डींगा अम्ब में खोले जाने वाले डिग्री कॉलेज श्री गुरु नानक देव जी के नाम पर रखा जाएगा।
श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव 12 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर कॉलेजों में कार्यक्रम भी करवाए जाएंगे। जम्मू कश्मीर सरकार ने भी बड़े पैमाने पर प्रकाशोत्सव मनाने की तैयारी की है। श्री गुरु नानक देव जी की जीवनी, उनकी सच्चाई, आपसी भाईचारा के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग डिग्री कॉलेजों में कार्यक्रम करवाने जा रहा है। इसके लिए कॉलेजों को आदेश जारी कर दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने महिला कॉलेज गांधी नगर के नोडल प्रिंसिपल और महिला कॉलेज एमए रोड श्रीनगर के प्रिंसिपल को पत्र लिखकर जम्मू व कश्मीर संभाग में उनके क्षेत्रों में आने वाले डिग्री कॉलेजों में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव पर कार्यक्रम करवाने के लिए कहा है।
कॉलेजों में पेंटिंग व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं होंगी
श्री गुरु नानक देव जी के संदेश के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कॉलेजों में सेमिनार करवाए जाएंगे। कॉलेजों में पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं होंगी। श्री गुरु नानक देव जी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब पर आधारित क्विज प्रतियोगिताएं होंगी। विशेष लेक्चर होंगे। कबड्डी, खो-खो व रेसलिंग प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। श्री गुरु नानक देव जी की जीवनी और संदेश को दर्शाती वृत्त चित्र फिल्में दिखाई जाएंगी। कॉलेजों में लंगर लगाए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार दिए जाएंगे। पंजाब सरकार की तरफ से कॉलेज प्रस्तावित गतिविधि भी करवा सकते हैं।
डिग्री कॉलेज में कार्यक्रमों पर रहेगा विशेष ध्यान
डिग्री कॉलेज त्राल, डिग्री कॉलेज बारामुला, महिला कॉलेज गांधी नगर जम्मू, डिग्री कॉलेज कठुआ, डिग्री कॉलेज पुंछ, डिग्री कॉलेज आरएसपुरा और महिला कॉलेज परेड में कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान रहेगा। कॉलेजों के प्रिंसिपल से कहा गया है कि वे गतिविधियों के लिए कॉलेज के लोकल फंड से धनराशि खर्च कर सकते हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने नोडल प्रिंसिपलों से कहा कि वे कॉलेजों के प्रिंसिपलों से हर सप्ताह रिपोर्ट हासिल करें। प्रशासनिक विभाग को गतिविधियों की सूचना फोटो सहित भेजी जाए और इसे आवश्यक समझा जाए।
साइंस कॉलेज में इस माह आखिरी सप्ताह में शुरू होगा कार्यक्रम
जम्मू के नोडल प्रिंसिपल प्रो. रविंद्र टिक्कू ने बताया कि हर कॉलेज श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर कार्यक्रम करवा रहा है। हमने नवंबर के पहले सप्ताह में कार्यक्रम करवाने की तैयारी की है। सेमिनार, प्रतियोगिताएं व गतका जैसी गतिविधियां करवाई जाएंगी। वहीं, साइंस कॉलेज अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में कार्यक्रम शुरू करेगा।