घंटों इंतजार... फिर भी नहीं मिलती बस, सांबा के गुड़ा-सलाथिया और राया के लोग बेहद परेशान; प्रशासन मौन
विजयपुर के गुड़ा-सलाथिया और राया रूट पर दोपहर में बस सेवा न होने से यात्री परेशान हैं। लोग घंटों इंतजार ...और पढ़ें

सांबा के गुड़ा-सलाथिया और राया में रोजाना परेशान हो रहे यात्री। (AI Generated)
HighLights
दोपहर में गुड़ा-सलाथिया, राया रूट पर बसें नहीं मिलतीं।
यात्री घंटों इंतजार कर वापस लौटने को मजबूर होते हैं।
सरकारी ई-बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही है।
जागरण संवाददाता, विजयपुर। जिला सांबा के विजयपुर क्षेत्राधिकार गांव पंचायत गुड़ा-सलाथिया और राया रूट पर यात्री बसों की कमी से लोग परेशान हैं। आलम यह है कि बाद दोपहर को स्थानीय क्षेत्रों से जम्मू-बाड़ी-ब्राह्मणा आने-जाने के लिए कोई बस सेवा नहीं मिलती। लोगों को घंटों तक बस स्टापों पर खड़ा रहकर इंतजार करना पड़ता है। कई बार तो लोग इंतजार करके थक जाते हैं और वापस घरों को लौटने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
लंबे समय से इन संबंधित पंचायत क्षेत्राधिकारों में यात्री बसों की कमी पेश आ रही है। इसे दूर करने के लिए न तो सरकारी स्तर पर कोई कार्रवाई हुई और न ही प्रशासनिक स्तर पर।
जम्मू आने-जाने के लिए दोपहर में नहीं मिलती बस
हालांकि इन पंचायत क्षेत्राधिकारों में सरकारी ई-बस सेवाएं लागू हैं, जो सुबह और शाम को ही आती-जाती हैं। लेकिन दोपहर के समय न तो जम्मू से गुड़ा-सलाथिया, राया रूट पर बस सेवा मिलती और न ही बाद दोपहर को। वहीं जो इन रूटों पर निजी यात्री आटो चलते हैं, वो सिर्फ नेशनल हाइवे राया मोड़ व विजयपुर से रजिंद्रपुरा ही जाते हैं। ऐसे में जो लोग जम्मू या उसके आसपास क्षेत्रों में जाने की तैयारी करते हैं, उनको बस स्टापों पर परेशानी के सिवा कुछ हासिल नहीं होता।
कई बार इन संबंधित पंचायत क्षेत्राधिकार के लोगों व जन प्रतिनिधियों ने सरकार व प्रशासन से इन रूटों पर ई बसों की संख्या बढ़ाने की मांगें कीं। मगर आज तक इन मांगों पर कहीं से भी कोई गौर होता नजर नहीं आ रहा।
कई साल से बसों की कमी से जूझ रहे ग्रामीण
उधर, इस रोजमर्रा की परेशानी को लेकर स्थानीय ने कहा कि घनी आबादी वाले इन पंचायत क्षेत्राधिकारों में यात्री बसों की कमी दूर होने का नाम नहीं ले रही। वर्षों से इसी समस्या से लोग जूझते आ रहे हैं, जिससे आज तक इन पंचायतों के विकसित होने की उम्मीद नहीं बनी।
उन्होंने कहा कि जम्मू प्रांत के अन्य रूटों पर हर बीस मिनट या आधे घंटे के बाद निजी व सरकारी ई बसें चलती रहती हैं, लेकिन पता नहीं कंडी क्षेत्र गांव पंचायतों पर सरकार व प्रशासन की नजर-ए-इनायत क्यों नहीं हो रही।
लोगों ने संयुक्त राज्य सरकार व उपराज्यपाल जम्मू मनोज सिन्हा से इस समस्या के समाधान पर शीघ्र गौर करने की अपील की है। इससे स्कूल, कालेज के विद्यार्थियों व आम लोगों को राहत मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।