जम्मू-कश्मीर: बिजली विभाग के कर्मचारियों को मिला प्रमोशन का तोहफा, टेक्निशियन से लेकर असिस्टेंट तक को फायदा
बिजली विकास विभाग में विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया तेज करते हुए डिवीजनल लेवल डीपीसी ने विभिन्न कैडरों के लंबित मामलों का निपटारा किया है। इससे तकनीशियन से लेकर ड्राइवर तक दर्जनों कर्मचारियों को राहत मिली है और उनका मनोबल बढ़ा है।

जम्मू बिजली विभाग में कर्मचारियों के पदोन्नति के रास्ते खुले। (File Photo)
HighLights
डिवीजनल लेवल डीपीसी ने लंबित पदोन्नति मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया।
तकनीशियन, ड्राइवर, सीनियर असिस्टेंट जैसे दर्जनों कर्मचारियों को मिली पदोन्नति।
यह कदम कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाएगा और प्रशासनिक ढांचा मजबूत करेगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। बिजली विकास विभाग में विभागीय पदोन्नति की प्रक्रिया को तेज करने और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। डिवीजनल लेवल डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी ने विभिन्न कैडरों से जुड़े लंबे समय से लंबित पदोन्नति मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा कर दिया है।
इस उपलब्धि के पीछे डिवीजनल लेवल डीपीसी के अध्यक्ष अरशद हुसैन रेशी के साथ-साथ अधीक्षण अभियंता ओएंडएम सर्कल जेपीडीसीएल जम्मू अनिल वर्मा, बिजली विकास विभाग के अंडर सेक्रेटरी वकार तालिब और पूरी डीपीसी सेक्शन टीम के समर्पित प्रयास और आपसी समन्वय की अहम भूमिका रही है।
इस टीम में सेक्शन आफिसर संजय टिक्कू, हैड असिस्टेंट अब्दुल वहीद और संबंधित डीलिंग स्टाफ शामिल हैं, जिन्होंने पूरी निष्ठा और व्यावसायिकता के साथ इस कार्य को अंजाम दिया।
लंबे इंतजार के बाद मिला पदोन्नति का तोहफा
समिति के सामूहिक प्रयासों से टेकनिशयन-3, टेकनिशयन-2, सीनियर असिस्टेंट, जूनियर असिस्टेंट, रेवेन्यू एग्जामिनर, रेवेन्यू सुपरिंटेंडेंट, ड्राइवर और शाफर जैसे कई महत्वपूर्ण कैडरों के दर्जनों कर्मचारियों के पदोन्नति मामलों को मंजूरी दी गई है।
इससे लंबे समय से अपने करियर में आगे बढ़ने और पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे पात्र कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। इससे कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।
पारदर्शी पदोन्नति प्रक्रिया से बढ़ी विभाग की साख
चीफ इंजीनियर के नेतृत्व और डीपीसी सेक्शन के समन्वित प्रयासों की विभाग में सराहना की जा रही है। यह सफलता कुशल कार्मिक प्रबंधन, सेवा संबंधी मामलों के समयबद्ध निपटारे और एक पारदर्शी व व्यवस्थित विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया सुनिश्चित करने के प्रति बिजली विकास विभाग की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।