विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू: झिड़ी मेले में लोक कलाकारों ने बांधा समां, डोगरी 'गीतडू' की प्रस्तुति ने लूटी महफिल; दर्शकों ने बजाईं तालियां

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:12 PM (IST)

Jhiri Mela 2026: जम्मू के झिड़ी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, जहाँ वंशिका डोगरा और विजयपुरा ब्रदर्स जैसे कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। 

झिड़ी मेले में  गीतड़ू पेश करते राम दित्ता और साथी। (फोटो- जागरण)

झिड़ी मेले में गीतड़ू पेश करते राम दित्ता और साथी। (फोटो- जागरण)

जागरण संवाददाता, जम्मू। झिड़ी मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोक संगीत, गायन और मनोरंजक प्रस्तुतियों से सजे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में फिल्म निर्माता तारिक खान, जेकेएएस सांस्कृतिक अधिकारी राजिंदर डोगरा, एसडीएम मढ़ एवं मेला अधिकारी अमित भगत तथा शादाब खान विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वंशिका डोगरा और विजयपुरा ब्रदर्स की शानदार प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा और आकर्षक अंदाज से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। वहीं, राम दित्ता एवं पार्टी ने गीतड़ू और लोक संगीत की प्रस्तुति देकर डोगरी लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

झिड़ी मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। यह मेला जिला उपायुक्त जम्मू मिंगा शेरपा की समग्र देखरेख एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन श्री बाबा जित्तो मल मंदिर कमेटी, झिड़ी, मढ़, जम्मू द्वारा किया जा रहा है।

गीतड़ू क्या है?

गीतड़ू जम्मू की डोगरी लोक संस्कृति से जुड़ी पारंपरिक गायन और नृत्य शैली है। इसे खासतौर पर गांवों में शादी-ब्याह, त्योहारों और दूसरे खुशी के मौकों पर पेश किया जाता है। इसमें कलाकार लोकगीत गाते हुए नृत्य भी करते हैं।

मुख्य गायक गीत के जरिए किसी कहानी या भाव को पेश करता है और नृत्य के दौरान अलग-अलग हाव-भाव से प्रस्तुति को और आकर्षक बनाता है। ढोलक, ढोल, चिमटा और बांसुरी जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्र इसकी रौनक बढ़ाते हैं।

image-fotor-20261128125552

 

झिड़ी मेले में दूसरे राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी

झिड़ी मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। मेले की रौनक के बीच दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु श्री बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के दर्शन करने के बाद अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं।

दर्शन के बाद भावुक मन से अपने घरों की ओर लौट रहे लोग

वापस लौट रहे श्रद्धालुओं ने बताया कि श्री बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के दरबार में शीश नवाने के लिए झिड़ी आना उनके लिए गहरी आस्था और विश्वास का प्रतीक है।

हरियाणा से हर साल बाबा जित्तो के दरबार में पहुंचते हैं पुरुषोत्तम शर्मा

हरियाणा के श्रद्धालु पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि बाबा जित्तो के दर्शन करने के लिए यहां आना उनके लिए हमेशा से विशेष महत्व रखता है और वे हर वर्ष श्रद्धा के साथ मेले में पहुंचते हैं।

श्रद्धालुओं के अनुसार, झिड़ी मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का भी अनूठा संगम है।

दर्शन के बाद श्रद्धालु मेले की रौनक और विभिन्न आकर्षणों का आनंद लेकर वापस लौट रहे हैं। दूसरे राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने और दर्शन के बाद उनकी वापसी का सिलसिला जारी रहने से झिड़ी मेले में लगातार चहल-पहल बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।