जम्मू-कश्मीर: अंतरराज्यीय नशा तस्करी का पर्दाफाश, गटारू गैंग के 10 गुर्गे गिरफ्तार; पिस्तौल, कारतूस और हेरोइन बरामद
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरोह 'गटारू गैंग' का पर्दाफाश करते हुए विजयपुर, पंजाब और बिहार से 10 सदस्यों ...और पढ़ें

सांबा पुलिस ने दबोचे 'गटारू गैंग' के 10 गुर्गे।
HighLights
10 सदस्यों को विजयपुर, पंजाब, बिहार से गिरफ्तार किया गया।
गटारू गैंग से हेरोइन और अवैध हथियार बरामद किए गए।
यह गैंग जम्मू-कश्मीर, पंजाब, यूपी में सक्रिय था।
जागरण संवाददाता, सांबा। जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी मामले का पर्दाफाश करते हुए गटारू गैंग के 10 गुर्गों को विजयपुर, पंजाब और बिहार के सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया है। इनके पास से हेरोइन और हथियार भी बरामद किए हैं। वहीं पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अलग अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अंतरराज्यी नशा तस्कर गिरोह जम्मू-कश्मीर, पंजाब और उत्तर प्रदेश में सक्रिय था। 22 अगस्त 2026 को, विजयपुर के एम्स नाके पर नियमित जांच के दौरान, पुलिस ने सांबा से विजयपुर की ओर आ रही एक कार को रोका। ,
जांच के दौरान चालक विजयपुर निवासी सौरभ बलोरिया की तलाशी लेने पर एक पिस्तौल और 9.08 ग्राम हेरोइन मिली थी। इसके बाद, विजयपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विजयपुर के दो भाई चलाते हैं 'गटारू गैंग'
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सांबा अनुज कुमार ने जांच के लिए डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया। लगातार पूछताछ के दौरान, सौरव बलोरिया ने 'गटारू गैंग' के साथ अपने संबंधों का कबूल किया।
इस गैंग को विजयपुर निवासी दो भाई सौरव गुप्ता और गौरव गुप्ता चलाते हैं। जांच से पता चला है कि बलोरिया विजयपुर और सांबा में इस गैंग की गतिविधियों के लिए एक अहम संसाधन उपलब्ध कराने वाले के तौर पर काम कर रहा था।
अमृतसर के चार लोगों की पहचान
जांच में बिहार के सीतामढ़ी निवासी विवेक कुमार की भूमिका भी सामने आई। वह फिलहाल, विजयपुर में रह रहा है और गटारू गैंग के साथियों को अस्थायी पनाह देने और कुछ वित्तीय लेन-देन में मदद करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
आगे की जांच में पंजाब से जुड़े कुछ साथियों की भी पहचान हुई। इनमें मनमोहित सिंह, साहिब सिंह, विक्रम भारद्वाज (उर्फ विक्की स्टार) और जगदीप कौर सभी निवासी गोपाल नगर, अजनाला, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों को जुटाने, उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने और उनकी सप्लाई करने में मदद करने की बात कबूली।
आरोपितों से बरामद हथियार व सामान
गिरफ्तार आरोपितों के पास से पांच पिस्तौल, एक देसी हथियार, 27.66 ग्राम हेरोइन, नौ एमएम के 17 कारतूस, 23 ग्राम बारूद, 113 छर्रे और 4 पैलेट कैप बरामद किए हैं।
शराब कारोबारी की हत्या में भी सामने आया था गटारू गैंग का नाम
लारेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े काला राणा गैंग के सदस्य नोनी राणा ने आस्ट्रेलिया में बैठकर कुरुक्षेत्र के शराब कारोबारी शांतनु की गोली मारकर हत्या कराई थी। इस हत्याकांड को जून 2025 में गटारू गैंग के गौरव जंदियाल ने अपने साथियों हरनीत निवासी अरहैना और रोमिल बोहरा के साथ मिलकर अंजाम दिया था। मुठभेड़ में रोमिल बोहरा मारा गया था, जबकि अन्य दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।
गटारू गैंग और प्रमुख घटनाएं
-सरगना की हत्या (जनवरी 2025): 21 जनवरी 2025 को जम्मू के ज्वेल चौक पर दिनदहाड़े थार वाहन में सवार गटारू गैंग के सरगना सुमित जंडियाल उर्फ गटारू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
-खौफ गैंग से रंजिश: इस सनसनीखेज हत्याकांड को खौफ गैंग के सदस्यों ने अंजाम दिया था। खौफ गैंग के सदस्यों (जैसे अनिल राजा और बंटी राजा) ने इंटरनेट मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इसे अपने साथी 'शुन्नू' की मौत का बदला बताया था।
-आपराधिक कार्यक्षेत्र : गटारू गैंग और खौफ गैंग का प्रभाव क्षेत्र जम्मू (बिश्नाह, आरएसपुरा, बाड़ी ब्राह्मणा) और सांबा (रामगढ़, विजयपुर) के इलाकों में रहा है। ये गैंग आनलाइन सट्टेबाजी और रियल एस्टेट के अवैध कारोबार में सक्रिय हैं।
-लारेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े तार : पुलिस जांच में यह बात सामने आई थी कि जम्मू के ये गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट के संपर्क में रहे हैं। मलेशिया से गटारू की हत्या का फरमान आने और मुख्य आरोपित करणजीत सिंह उर्फ गुगु की गिरफ्तारी का खुलासा भी पुलिस ने किया था।
-अन्य आपराधिक मामले: जून 2025 में कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के एक शराब कारोबारी की हत्या में भी गटारू गैंग (गौरव जंदियाल और उसके साथियों) का नाम सामने आया था, जिनमें से कुछ आरोपियों पर पुलिस और एसटीएफ ने कार्रवाई की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।