भोले के दर्शन को 3627 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना, यात्रा में मौसम पैदा करेगा रूकावट Jammu News
अब तक जम्मू से 87975 श्रद्धालु यात्री निवास भगवती नगर से जत्थे में शामिल होकर यात्रा कर चुके हैं।
जम्मू, जेएनएन। बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह में बढ़ोतरी हो रही है। यात्रा अढ़ाई लाख का आंकड़ा पार करने के करीब पहुंच गई है। श्रावण मास शुरू हो चुका है और इन दिनों यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि मौसम यात्रा में रूकावट पैदा कर रहा है परंतु बाबा बर्फानी के दर्शनों को इच्छुक श्रद्धालुओं के उत्साह बरकरार है। यात्री निवास भगवती नगर में आने के बजाय अधिकतर श्रद्धालु सीधे ही श्रीनगर में बालटाल व पहलगाम आधार शिविर में पहुंच करंट पंजीकरण करवा यात्रा को निकल रहे हैं।
शुक्रवार तड़के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से 3627 श्रद्धालुओं का जत्था 157 वाहनों में सवार होकर श्रीनगर के लिए रवाना हुए। बम-बम बाेले, जय बाबा बर्फानी के जयघोष के बीच वाहनों में सवार श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा प्रबंधों के साथ अगले पड़ाव पर रवाना हो गए। बालटाल रूट से 1411 श्रद्धालु यात्रा पर गए जिसमें 1012 पुरुष और 399 महिलाएं शामिल थीं। वहीं पहलगाम रूट से 2216 श्रद्धालु यात्रा पर गए जिसमें 1799 पुरुष, 300 महिलाएं, तीन बच्चे और 114 साधु शामिल थे। अब तक जम्मू से 87975 श्रद्धालु यात्री निवास भगवती नगर से जत्थे में शामिल होकर यात्रा कर चुके हैं।
अमरनाथ यात्रा जब जम्मू से निकली तो मौसम साफ था। करीब 11.00 बजे बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद शहर के कुछ निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। जिससे आने जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मानसून सक्रीय हुए तो दस दिन से ज्यादा हो गए हैं लेकिन मानसून में जिस तरह की बारिश की उम्मीद है वह नहीं हो रही। सप्ताह भर से लगातार बादल छाये रहने का सिलसिला बना हुआ था लेकिन बारिश का इंतजार बढ़ता ही जा रहा था। वीरवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। बनिहाल में सबसे ज्यादा 27.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। भद्रवाह में 12.0 एमएम बारिश हुई। बटोत में 12.0 एमएम बारिश के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। जून महीने में जम्मू संभाग के जिला रामबन को छोड़ दूसरे सभी जिलों में सामान्य से 90 प्रतिशत बारिश कम हुई थी।
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि जम्मू में हल्की बारिश इसी तरह होती रहेगी। वहीं कश्मीर में आंशिक बादल छाये रहेंगे। लेह में मौसम साफ रहेगा। हालांकि कश्मीर संभाग में भी कई जगह बारिश हुई। कुपवाड़ा में सबसे ज्यादा 15.2 एमएम बारिश हुई। पहलगाम में 4.5 एमएम जबकि काजीगुंड में 20.4 और श्रनगर में 1.8 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। बुधवार को हुई बारिश के बाद लोगों ने उमस और चिलचिलाती धूप से राहत की सांस ली। दिन भर मौसम सुहावना रहा। जिसका लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। जम्मू का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
श्रीनगर का अधिकतम तापमान 29.8 जबकि न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।