यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फेसबुक से दोस्ती, प्लॉट और वीजा के नाम पर धोखाधड़ी का जाल... कानून के लपेटे में जम्मू के 4 पुलिसकर्मी
जम्मू क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी और विश्वासघात के मामलों में चार पुलिसकर्मियों समेत 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया ...और पढ़ें

HighLights
- चार पुलिसकर्मी समेत 18 पर धोखाधड़ी का मामला
- फेसबुक से दोस्ती कर लाखों की ठगी
- प्लाट और वीजा के नाम पर भी धोखाधड़ी
जागरण संवाददाता, जम्मू। क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी व विश्वास भंग के आरोप में चार पुलिसकर्मियों सहित अठारह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच ने इन आराेपितों के खिलाफ छह अलग अलग मामले दर्ज किए हैं और उनकी जांच शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार पुलिस मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, फॉलोअर विजय कुमार, फॉलोअर सोहन लाल और असिस्टेंट इंचार्ज सीपीपीपी जम्मू शैलिंद्र डोगरा के खिलाफ विश्वास भंग के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा एक अन्य एफआईआर में पुलिस विभगा में फॉलोअर विजय खोखर के खिलाफ 34.25 लाख रुपये के गबन के आरोप में मामला दर्ज किया है।
विजय खोखर मैसर्स माला एंटरप्राइजेज ऑक्शन ग्रुप (चिट फंड प्रकार की कंपनी) चला रहा था और इसी कंपनी के नाम पर उसने संजीव कुमार निवासी बिश्नाह की इस राशि का गबन किया।
एक अन्य मामले में क्राइम ब्रांच में राज कुमार मेहरा निवासी छन्नी हिम्मत ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे फेसबुक पर एक महिला ने दोस्ती के जाल में फंसाया और बाद में उसे मुंबई हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार करने की झूठी कहानी बनाकर 48.80 लाख रुपये की ठगी की गई।
महिला ने खुद को बताया था यूके निवासी
महिला ने खुद को यूके निवासी बताया था और उसे झांसा दिया कि वह उसे मिलने मुंबई आई है लेकिन उसे कस्टम अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने अलका जोशी निवासी मैटोली पिथौरागढ़, उत्तराखंड, चंद्र भान निवासी शकपुर राउरा अनूपशहर बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश, विनोद मापसेकर निवासी रेलवे ईस्ट कालोल गांधी नगर, गुजरात, सुभाष कुमार निवासी भिखारीपुर पतासिया बंगारमऊ उन्नाव, उत्तर प्रदेश और राजेश बलिराम जाधव निवासी कल्याण रोड भिवंडी जिला ठाणे, महाराष्ट्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं दो बहनों सुषमा देवी और सविता देवी ने धर्मवीर शर्मा नामक प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसने उन्हें नागबनी जम्मू में प्लॉट दिलवाने के बहाने 24 लाख रुपये की ठगी की।एक अन्य मामले में विशाल कुमार नामक व्यक्ति ने विजय गिल और हरीश गिल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे वर्क वीजा प्रदान करने के बहाने आरोपितों ने उससे बीस लाख रुपये की ठगी की है। इसके अलावा रविंद्र सिंह निवासी डिग्याना और अन्य के खिलाफ पांच अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिन्होंने कई व्यक्तियों को गाडीगढ़ जम्मू में प्लॉट प्रदान करने के बहाने तीस लाख रुपये की ठगी की है। एसएसपी क्राइम जम्मू बेनाम तोश ने पुष्टि की है कि शिकायतों और प्राथमिक जांच रिपोर्टों के आधार पर मामले दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है।
