राज्य की सीनियर नेशनल वीमेन हॉकी टीम में पहली बार कारगिल की खिलाड़ी भाग लेगी
हॉकी जम्मू-कश्मीर की ओर से केके हक्कू एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में राज्य की टीम के चयन हेतु सिलेक्शन ट्रॉयल आयोजित किए गए थे।
जम्मू, जागरण संवाददाता। राज्य की सीनियर नेशनल वीमेन हॉकी टीम का चयन कर लिया गया है। इस बार टीम में पहली बार कारगिल की खिलाड़ी फनीज फातिमा भी जगह बनाने में कामयाब रही। हरियाणा के हिसार में 1 से 17 फरवरी तक नौवीं हॉकी इंडिया की सीनियर वीमेन नेशनल बी डिवीजन प्रतियोगिता शुरू हो रही है। उसी को लेकर हॉकी जम्मू-कश्मीर की ओर से केके हक्कू एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में राज्य की टीम के चयन हेतु सिलेक्शन ट्रॉयल आयोजित किए गए। इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को स्पोटर्स काउंसिल द्वारा स्क्रीनिंग करने के उपरांत चुना गया।
नौवीं हॉकी इंडिया की सीनियर वीमेन नेशनल बी डिवीजन प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीम भाग ले रही है। राज्य की टीम में हरनीत कौर, इनप्रीत कौर, पायल शर्मा, अमनदीप कौर, बिंदु देवी, गार्गी, मनीशा दास, नादिया, मीनाक्षी खजूरिया, तानिया महाजन, आफरीन वाली, फनीज फातिमा, कामिनी देवी, बलजीत कौर, रीबु जान, सोनिया देवी, शालु और चित्रा को चुना गया है।
रवि राज सिंह को टीम का मैनेजर, जोगिन्द्र सिंह को कोच और इनायत फारूक को फिजिकल ट्रेनर बनाया गया है। हॉकी जेएंडके के महासचिव जीएस बख्शी सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं देकर रवाना किया।