जम्मू में त्योहारों पर सुरक्षा का नया प्लान तैयार, डायनामिक नाके बढ़ेंगे; SSP ने दिए सख्त निर्देश
एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने त्योहारी सीजन में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा बढ़ाने के लिए समीक्षा बैठक की। शहर में ...और पढ़ें

त्योहारी सीजन में जम्मू में सुरक्षा कड़ी। (फाइल फोटो)
HighLights
एसएसपी जम्मू ने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
त्योहारी सीजन में शहर में डायनामिक नाके बढ़ाए जाएंगे।
नशा विरोधी अभियान तेज करने और सामुदायिक पुलिसिंग मजबूत करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जिला जम्मू में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने जिला पुलिस लाइन (डीपीएल) जम्मू में अपराध एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिले में दर्ज मामलों के निपटारे, नए आपराधिक कानूनों (एनसीएल) के क्रियान्वयन, ई-साक्ष्य प्रणाली के इस्तेमाल और लंबित शिकायतों सहित पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की गई।
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शहर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में डायनामिक नाके बढ़ाने, संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने और जमीनी स्तर पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
हर बीट तक पहुंचेगी सामुदायिक पुलिसिंग
उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने के साथ सामुदायिक पुलिसिंग को प्रत्येक बीट तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। पुलिस कर्मियों को स्थानीय लोगों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने, उनकी समस्याओं को समझने और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।
नशे के खिलाफ फिर तेज होगा अभियान
एसएसपी ने नशा विरोधी अभियान को भी नए सिरे से तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए कार्रवाई, जागरूकता कार्यक्रमों और आम लोगों की भागीदारी को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अपराध रोकने के लिए निवारक पुलिसिंग और गैर-बल प्रयोग आधारित अभियानों को प्रभावी बनाने की आवश्यकता भी जताई।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने और जिले में सक्रिय, जवाबदेह तथा जन-केंद्रित पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।