'क्या UP में वोटर लिस्ट से हटाए गए एक करोड़ हिंदू भी पाकिस्तानी हैं?' इंडी गठबंधन की रैली में फारूक अब्दुल्ला का हमला
फारूक अब्दुल्ला ने इंडी गठबंधन की रैली में मतदाता सूची से नाम हटाने पर चुनाव आयोग और भाजपा पर सवाल ...और पढ़ें
-1793558296546_m.webp)
फारूक अब्दुल्ला ने दिल्ली में बीजेपी पर साधा निशाना। फोटो सोशल मीडिया
HighLights
फारूक अब्दुल्ला ने मतदाता सूची हटाने पर चुनाव आयोग, भाजपा को घेरा।
महबूबा मुफ्ती ने संविधान कमजोर करने, रोजगार पर सरकार को लताड़ा।
दोनों नेताओं ने दिल्ली में इंडी गठबंधन की रैली में भाषण दिया।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडी गठबंधन की रैली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर चुनाव आयोग और भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि उत्तर प्रदेश में कथित तौर पर मतदाता सूची से हटाए गए एक करोड़ से अधिक हिंदू मतदाता भी क्या पाकिस्तानी हैं?
फारूक अब्दुल्ला ने भाजपा और आरएसएस पर मुस्लिम समुदाय की देशभक्ति पर बार-बार सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को पाकिस्तानी कहकर उनकी वफादारी पर संदेह किया जाता है, जबकि उन्होंने भी देश के लिए अपना खून और कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोग भारतीय हैं और उन्हें इसी देश में रहना तथा इसे मजबूत बनाना है।
जय हिंद के नारे के साथ किया भाषण का समापन
उन्होंने कहा कि यह डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान है, जिसमें सभी नागरिक बराबर हैं और प्रत्येक व्यक्ति को समान मतदान का अधिकार प्राप्त है। किसी भी भारतीय को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए लोगों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों की रक्षा करने की अपील की। उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा था और हमेशा रहेगा। अपने संबोधन का समापन उन्होंने जय हिंद के नारे के साथ किया।
वहीं, पीडीपी अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि देश के संविधान को धीरे-धीरे खोखला किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर गरीबों की अनदेखी करने और देश की संपत्तियां अपने कथित कारपोरेट मित्रों को सौंपने का आरोप लगाया।
राम मंदिर में चंदे चोरी का उठाया मुद्दा
महबूबा ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के वादे किए थे, लेकिन रोजगार की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। यहां तक कि सेना में गर्व के साथ भर्ती होने वाले युवाओं को भी दिहाड़ी मजदूर बनकर काम करना पड़ रहा है। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए भाजपा के हिंदुत्व संबंधी दावों पर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि संविधान जनता को अपने प्रतिनिधि चुनने और सरकार बदलने का अधिकार देता है, लेकिन मौजूदा सरकार कथित तौर पर इसी अधिकार को कमजोर करना चाहती है।महबूबा मुफ्ती ने वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों ने संविधान को कमजोर किए जाने के परिणाम भुगते हैं।
उन्होंने देशवासियों से लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा का नारा दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।