'धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति...', BJP पर जमकर बरसे फारूक अब्दुल्ला; गिनाया उमर सरकार का रोडमैप
नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भाजपा पर जम्मू के लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह करने और विकास में विफल रहने का आरोप लगाया।
-1795233315177_m.webp)
BJP पर फारूक अब्दुल्ला का हमला। फाइल फोटो
HighLights
भाजपा पर धर्म के नाम पर गुमराह करने का आरोप।
जम्मू में विकास और बुनियादी सुविधाओं में भाजपा विफल।
उमर अब्दुल्ला सरकार का समग्र विकास का रोडमैप।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को भाजपा पर जम्मू के लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह कर राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 तक सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा जम्मू क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और विकास के मोर्चे पर कोई ठोस उपलब्धि हासिल नहीं कर सकी।
जम्मू स्थित अपने आवास पर पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए फारूक ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने जम्मू-कश्मीर के समग्र विकास के लिए पांच साल का रोडमैप तैयार किया है। अक्टूबर 2024 में सत्ता संभालने के बाद से सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था के युक्तिकरण और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण जैसे मुद्दे अभी लंबित हैं, लेकिन सरकार अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए प्रयासरत है।
'बीजेपी ने बांटने की कोशिश की'
फारूक ने सड़कों की खराब स्थिति, बिजली-पानी की अनियमित आपूर्ति, बेरोजगारी, टोल प्लाजा, आउटसोर्सिंग और खनन गतिविधियों को लेकर भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने राजोरी-पुंछ और रामबन-डोडा-किश्तवाड़ के साथ भेदभाव का आरोप भी लगाया। भाजपा ने हमेशा ही लोगों को धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति की है।
दरबार मूव की बहाली को सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि यह परंपरा जम्मू और कश्मीर के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्तों को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।