एसडीएम से मिले किसानों के शिष्टमंडल ने मांगा ओलावृष्टि के कारण नष्ट हुई फसल का मुआवजा
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि जल्द मुआवजा किसानों के खातों में डाला जाए। उन्होंने कहा कि किसानों का काफी नुकसान हुआ था। इसको देखते हुए सरकार ने जल्द किसानों के खाते में पैसा डालना चाहिए।
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा : पंचायत कोटली शाहदौला के सरपंच बद्रीनाथ शर्मा की अगुआई में मंगलवार को आरएसपुरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसानों का शिष्टमंडल एसडीएम राम लाल शर्मा से मिला। एसडीएम को ओलावृष्टि के कारण नष्ट हुई फसल का मुआवजा न मिलने संबंधी जानकारी दी।
सरपंच बद्रीनाथ शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों ओलावृष्टि होने के कारण किसानों की धान की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई थी। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को विश्वास दिलाया था कि जल्द उनके खाते में मुआवजा राशि आ जाएगी, लेकिन इसके बावजूद अभी तक किसानों के खाते में मुआवजा नहीं पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है कि किसानों को सरकार ने मुआवजा देने का वादा किया, लेकिन उनके खातों में पैसा नहीं आया।
इस बार भी किसानों को ऐसा ही लग रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि जल्द मुआवजा किसानों के खातों में डाला जाए। उन्होंने कहा कि किसानों का काफी नुकसान हुआ था। इसको देखते हुए सरकार ने जल्द किसानों के खाते में पैसा डालना चाहिए।
खातों में गलती से आई दिक्कत : एसडीएम एसडीएम आरएसपुरा रामलाल शर्मा ने किसानों के शिष्टमंडल को भरोसा दिलाया कि उनके खाते में जल्द मुआवजा राशि डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि दो करोड़ के करीब राशि किसानों के खाते में डाल दी गई है। जो किसान रह गए हैं, उनके खाते में भी जल्द सरकार द्वारा मुआवजा राशि डाल दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ किसानों के खातों में गलती होने के कारण मुआवजा राशि डालने में परेशानी आ रही है, जिसे जल्द दूर कर दिया जाएगा।