विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Assembly Election Jammu Kashmir : गृहमंत्री शाह दौरे से उत्साहित भाजपा लोगों के बीच जाकर जीतेगी उनका विश्वास

By vivek singhEdited By: Rahul Sharma
Published: Thu, 06 Oct 2022 11:29 AM (IST)

जम्मू में प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप को मिले गृहमंत्री के निर्देेशों को जिलों में प्रभावी बनने की रणनीति जल्द ...और पढ़ें

प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : गृहमंत्री अमित शाह के कामयाब तीन दिवसीय जम्मू कश्मीर दौरे से उत्साहित प्रदेश भारतीय जनता पार्टी, अपने बलबूते पर सरकार बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जमीनी सतह पर पहले से भी अधिक सक्रियता दिखाएगी।

शाह ने जम्मू कश्मीर भाजपा को मोदी सरकार की तेज विकास की नीतियों को लेकर जमीनी सतह पर काम करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में जम्मू में प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप को मिले गृहमंत्री के निर्देेशों को जिलों में प्रभावी बनने की रणनीति जल्द जम्मू में होने वाली बैठक में बनेगी। पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने राजौरी व बारामुला में शाह की रैलियों के आयोजन के लिए जी तोड़ मेहनत की है। ऐसे में शाह के दौरे के बाद प्रदेश भाजपा आत्ममंथन करेगी कि इन रैलियों को यादगार बनाने के लक्ष्य को किस हद तक हासिल किया गया है।

पार्टी में नए चेहरों को शामिल करने की मुहिम को भी जारी रखें : पार्टी सूत्रों के अनुसार गृहमंत्री ने जम्मू कश्मीर में बेहतर बदलाव लाने की मुहिम में प्रदेश भाजपा द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की है। उन्हाेंने पार्टी में नए चेहरों को शामिल करने की मुहिम को भी जारी रखने के लिए कहा है। ऐसे में अब जमीनी सतह पर लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के साथ उन्हें पार्टी में शामिल करने की गतिविधियों में भी तेजी लाई जाएगी। पार्टी नेता व कार्यकर्ता जमीनी सतह पर काम कर सुनिश्चित करेंगे कि प्रदेश में अपनी सरकार बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जाए। प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।

प्रदेश की जनता को मोदी सरकार पर है विश्वास : जम्मू कश्मीर भाजपा के सह प्रभारी आशीष सूद का कहना है कि गृहमंत्री की रैलियों की कामयाबी इसका सबूत है कि प्रदेश के निवासियों को मोदी सरकार के तेज विकास की मुहिम पर कितना विश्वास है। उन्होंने कहा कि राजौरी व बारामुला रैलियों में लोगों ने भाजपा की नीतियों के प्रति अपना उत्साह दिखाया है। ऐसे में अब जमीनी सतह पर केंद्रीय योजनाओं को लेकर और भी जोरशोर से काम करने की जरूरत है।

प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय : गृहमंत्री के दौरे को कामयाब बनाने के लिए जी जान से मेहनत करने वाले नेताओं व कार्यकर्ताओं के जज्बे की सराहना करते हुए सूद ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय है। एक ओर यहां भाजपा कार्यकर्ता पूरे जोश में हैं तो दूसरी ओर जम्मू कश्मीर के लोगों को भी यह विश्वास हो गया है कि उनके भविष्य को सिर्फ मोदी सरकार ही बेहतर बना सकती है। पार्टी ने तीन परिवारों द्वारा उनके की गई नाइंसाफी की भरपाई की है।