आज जम्मू लौटेंगे सात चोटी फतह करने वाले एवरेस्टर कर्नल जम्वाल
जागरण संवाददाता, जम्मू : विश्व की सात सबसे ऊंची चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाले भार
जागरण संवाददाता, जम्मू : विश्व की सात सबसे ऊंची चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाले भारतीय सेना के पहले जाबांज सैन्य अधिकारी एवरेस्टर कर्नल रणवीर जम्वाल सोमवार को मंदिरों के शहर में पहुंच रहे हैं। डुग्गर धरती के इस सपूत के स्वागत में जम्मू के एयरपोर्ट से दोपहर को एक विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी।
शेर-ए-कश्मीर सहित दो बार सेवा विशिष्ट पदक हासिल करने वाले कर्नल रणवीर जम्वाल सांबा जिला के रहने वाले हैं। उन्होंने 4 जनवरी को अंटार्कटिका स्थित माउंटेन विनसन को फतह किया था। वह ऐसा कारनामा करने वाले सेना के पहले और देश के नौवें पर्वतारोही थे। वर्ष 2012 को उनकी पहली एवरेस्ट चढ़ाई को डिस्कवरी चैनल ने कवर किया था। इस दल में उनके साथ सात महिलाएं भी थीं। तीन बार एवरेस्ट फतह करने वाले कर्नल जम्वाल के नेतृत्व में 51 पर्वतारोही एवरेस्ट पर चढ़ाई कर चुके हैं।
जम्वाल ने गत दिनों कोपिआपो चिली में स्थित छह हजार मीटर ऊंची छह चोटियों सहित 6893 मीटर ऊंची ज्वालामुखी पर्वत ओजोस डील सालादो की चोटी पहली बार फतह करने का भी कीर्तिमान रचा है। कर्नल जम्वाल सोमवार दोपहर जम्मू लौटेंगे। उनके सम्मान में टीम जम्मू द्वारा बाइक रैली निकाली जाएगी जो जम्मू क्लब पहुंचकर संपन्न होगी। इसमें कर्नल जम्वाल को सम्मानित किया जाएगा। इन चोटियों पर भी की फतह
कर्नल ने वर्ष 2012, 2013 और 2016 में तीन बार विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह की। 23 अक्टूबर 2010 को अफ्रीका स्थित 19,340 फीट ऊंची माउंट किलिमांजरो, एक जनवरी 2013 को साउथ अमेरिका स्थित 22,841 फीट ऊंची माउंट अकानकागुआ, 26 जून 2014 को यूरोप स्थित 18,510 फीट ऊंची माउंट इलब्रस, 9 अक्टूबर 2015 को 16,024 फीट ऊंची कारस्टेनस्ज पिरामिड, 20 जून 2017 को नार्थ अमेरिका स्थित 20,320 फीट ऊंची माउंट डीनाली और 4 जनवरी 2019 को अंटार्कटिका स्थित 16,050 फीट ऊंची माउंट विनसन फतेह कर चुके हैं।