लेह में आज थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोर, 26 सीटों के लिए 22 को है मतदान
नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने इन चुनावों से दूरी बना रखी है। भाजपा ने इन चुनावों में प्रचार के लिए चार केंद्रीय मंत्रियों समेत पार्टी के आला पदाधिकारियों को भी उतारा है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू: लेह स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (लेह हिल काउंसिल) के चुनाव के लिए प्रचार का शोर मंगलवार की शाम को पूरी तरह थम जाएगा। काउंसिल की 26 सीटों के लिए 22 अक्टूबर को मतदान होगा। इन चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मैदान में हैं। नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने इन चुनावों से दूरी बना रखी है। भाजपा ने इन चुनावों में प्रचार के लिए चार केंद्रीय मंत्रियों समेत पार्टी के आला पदाधिकारियों को भी उतारा है। इन चुनावों में मुख्य मुद्दा लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल कर प्रदेश के हितों की रक्षा करना है। सांस्कृतिक पहचान, जमीन और रोजगार का मुद्दा भी इसी में शामिल है।
भाजपा के केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी दो दिन से लेह में पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। लद्दाख के विकास का वादा कर वह सोमवार को दिल्ली लौट गए हैं। इसके साथ ही भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों का लेह दौरा समाप्त हो गया है। रेड्डी के जाने के बाद भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की कमान स्थानीय नेताओं के हाथ में आ गई है। दिल्ली लौटने से पहले रेड्डी ने लेह में भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर चुनाव हालात पर चर्चा की। 94 उम्मीदवार हैं मैदान में
लेह हिल काउंसिल के चुनाव में 94 उम्मीदवार मैदान में हैं। 22 अक्टूबर को होने वाले मतदान में लेह जिले के करीब 89 हजार मतदाता इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर देंगे। चुनाव मैदान में भाजपा, कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी पहली बार लद्दाख में भाग्य आजमा रही है।