पाक का झंडा जलाकर किया प्रदर्शन, कहा पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए कड़ा कदम उठाए केंद्र सरकार
पाकिस्तान की बार्डर एक्शन टीम बैट के दुस्साहस के विरोध में डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पाकिस्तान का झंडा जलाया।
जागरण संवाददाता, जम्मू : अखनूर के कैरी बट्टल में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की बार्डर एक्शन टीम बैट के दुस्साहस के विरोध में डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पाकिस्तान का झंडा जलाया। मौके पर पाकिस्तान के विरोध में जमकर नारेबाजी हुई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए केंद्र सरकार बड़े से बड़ा फैसला ले। पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया जाए। बार बार कहने के बाद भी पाकिस्ता नही सुधरा। सीमा पर कई बार घात लगाकर पाकिस्तान भारतीय सुरक्षा कर्मियों पर भी हमले कर चुका है।
यही पाकिस्तान सीमा पर आतंकवादियों की घुसपैठ कराने का प्रयास करता रहा है। गोलीबारी कर पाकिस्तान ने कई बार भारतीय क्षेत्रों में नुकसान पहुंचाया। ऐसे देश को जवाब देना जरूरी है। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से कहा कि पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देने का समय आ गया है। इसलिए केंद्रीय गृहमंत्री कोई बड़ा फैसला करे। अगर अब भी कुछ नही किया तो देश की जनता को केंद्र सरकार के खिलापु आवाज बुलंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। मौके पर संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि आतंकवादियों की धमकियों के बाद भी लोगों ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाग लिया।
लोग विकास चाहते हैं मगर पाकिस्तान जम्मू कश्मीर में गड़बड़ी बनाए रखना चाहता है ताकि उनका कश्मीर मुद्दा ¨जदा रहे। अशोक गुप्ता ने केंद्र सरकार की प्रशंसा की जोकि जम्मू कश्मीर में आतंकवाद को कुचलने के लिए सख्ती से काम कर रहा है। मगर सीमा पर पाकिस्तान बार बार तनावपूर्ण स्थित बनाता रहा है। अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाए । प्रदर्शन में बोध राज, विजय, शाम, तरसेम, दिनेश, मनोहर, बंटू, कालू, अजय, अभिषेक आदि उपस्थित थे।