Jammu and Kashmir: कुत्ते की मालकिन को छह माह की सजा के साथ-साथ एक हजार रुपये जुर्माना
वर्ष 2017 में मंजाकोट पुलिस थाने में एक मामला दर्ज हुआ था। इसमें प्रजग्राई नक्का गांव के कुत्ते ने एक व्यक्ति को काट खाया था।
राजौरी, जागरण संवाददाता। वर्ष 2017 में मंजाकोट पुलिस थाने में एक मामला दर्ज हुआ था। इसमें प्रजग्राई नक्का गांव के कुत्ते ने एक व्यक्ति को काट खाया था। इस संबंध में मंजाकोट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। मामला सीजेएम कोर्ट में चल रहा था।
सोमवार को मामले की सुनवाई करते हुए सीजेएम ने कुत्ते की मालकिन को छह माह की सजा के साथ-साथ एक हजार रुपये जुर्माना लगाया है। जमीदा बेगम पत्नी मुख्तार हुसैन निवासी नक्का पंजग्राई के कुत्ते ने गांव के एक व्यक्ति को 2017 में काट खाया था।
पीडि़त व्यक्ति ने इस संबंध में मंजाकोट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी था। मामला सीजेएम कोर्ट में पहुंच गया था। सोमवार को मामले की सुनवाई करते हुए सीजेएम ने जमीदा बेगम को छह माह की सजा सुनाई और एक हजार रुपये जुर्माना भी लगा दिया। इसके बाद जज के आदेश पर जमीदा बेगम को जिला जेल भेज दिया गया।
कश्मीर में रेलवे को 2.76 करोड़ की चपत
एकीकृत जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन के बाद कश्मीर में पैदा हुए हालात के चलते पिछले तीन महीने से रेल सेवा बंद है। इसके चलते अब तक रेलवे विभाग को 2.76 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सेवा बहाल करने के लिए वह प्रशासन की हरी झंड़ी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सेवा बहाल करने पर विचार किया जा रहा है।
कश्मीर में पांच अगस्त से ही मोबाइल और इंटरनेट बंद कर दिया गया था। हालात सामान्य होने पर पहले स्कूलों और फिर कालेजों को खोला गया। स्कूली बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो गई। यातायात बहाल होने लगा और जनजीवन पटरी पर लौटने लगा। हालांकि बनिहाल-बारामुला रेल सेवा अभी बंद है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार तीन महीने में 2.76 करोड़ रुपये का नुकसान विभाग को हो चुका है। अभी तक उन्हें प्रशासन द्वारा यह सेवा बहाल करने संबंधित कोई भी आदेश नहीं मिला है। अधिकारियों के अनुसार रेलवे संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता यकीन के बाद ही इस सेवा को बहाल किया जाएगा।