विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पिता चलाते हैं ट्रैक्टर, बेटी ने दौड़कर कश्मीर मैराथन में रचा इतिहास', उधमपुर की दीक्षा ने जीते 3 लाख; अब देशसेवा का सपना

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:40 PM (GMT+05:30)

उधमपुर की दीक्षा भगत ने कश्मीर मैराथन में स्थानीय महिला वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर 3 लाख रुपये का पुरस्कार जीता।

एनसीसी ने दी नई पहचान, अब रक्षा बलों में शामिल होकर देशसेवा का सपना।

एनसीसी ने दी नई पहचान, अब रक्षा बलों में शामिल होकर देशसेवा का सपना।

HighLights

  1. कश्मीर मैराथन में स्थानीय महिला वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया

  2. एनसीसी ने दी अनुशासन और आत्मविश्वास, बनी लंबी दूरी की धाविका

  3. अब रक्षा बलों में शामिल होकर देशसेवा करने का है सपना

नवीन नवाज, जम्मू। पिता के हाथों में ट्रैक्टर का स्टेयरिंग और बेटी के कदमों में मंजिल तक पहुंचने का जुनून। एक तरफ परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ उठाते पिता, तो दूसरी तरफ उन्हीं के संघर्षों से प्रेरणा लेकर अपने सपनों की उड़ान भरती बेटी।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के पटनी पंचैरी की दीक्षा भगत की कहानी कुछ ऐसी ही है। आर्थिक चुनौतियों के बीच पली-बढ़ी इस बेटी ने अपनी मेहनत, हौसले और दृढ़ संकल्प के दम पर कश्मीर मैराथन में स्थानीय महिला वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने तीन लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी जीता और अपने परिवार के साथ पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।

पांच बहनों में सबसे बड़ी है दीक्षा

पांच बहनों में सबसे बड़ी दीक्षा के पिता परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं और ट्रैक्टर चलाकर घर का गुजारा करते हैं। मां गृहस्थी संभालती हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद दीक्षा ने कभी अपने सपनों को परिस्थितियों के आगे झुकने नहीं दिया। उनका सपना था कि वह अपनी मेहनत से ऐसी पहचान बनाएं, जो दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा बने।

वर्ष 2024 में राजकीय डिग्री कॉलेज, उधमपुर में दाखिले के बाद उनके जीवन को नई दिशा मिली। वर्ष 2025 में वह 9 जेएंडके बटालियन के माध्यम से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) से जुड़ीं। एनसीसी ने उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूत किया। उन्होंने प्रतिष्ठित थल सैनिक कैंप (टीएससी) में भी हिस्सा लिया और दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य रखा। हालांकि, अंतिम चयन में जगह नहीं मिली, लेकिन इस अनुभव ने उनके हौसले को कमजोर नहीं किया।

इसी दौरान दीक्षा ने लंबी दूरी की दौड़ में अपनी प्रतिभा पहचानी। स्टेडियम की पटरियों पर नियमित अभ्यास और कई बार अकेले की गई मेहनत उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गई। कोच राघव ने उनकी क्षमता को पहचाना और उन्हें इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। एनसीसी की जिम्मेदारियों के साथ कठिन अभ्यास करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन दीक्षा ने दोनों के बीच बेहतर तालमेल बनाया।

21 किमी हाफ मैराथन में चोट लगने के बाद भी हासिल किया था पहला स्थान

सितंबर 2026 में उधमपुर में आयोजित अपनी पहली 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में उन्होंने चोट से जूझने के बावजूद पहला स्थान हासिल किया। इस जीत ने उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती दी।

इसके बाद 25 अक्टूबर 2026 को कश्मीर मैराथन में 1,800 से अधिक धावकों के बीच दीक्षा ने स्थानीय महिला वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने उन्हें तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।

अब रक्षा बलों में शामिल होकर देशसेवा का सपना

दीक्षा अपनी सफलता का श्रेय एनसीसी और एसोसिएट एनसीसी अधिकारी कुशा शर्मा को देती हैं। उनका कहना है, 'आज लंबी दूरी की धाविका के रूप में मेरी अपनी पहचान है और इसका बहुत बड़ा श्रेय एनसीसी तथा कुशा शर्मा को जाता है।' अब दीक्षा का अगला लक्ष्य रक्षा बलों में शामिल होकर देशसेवा करना और लंबी दूरी की दौड़ में नई ऊंचाइयां हासिल करना है।

पटनी पंचैरी की इस बेटी ने साबित कर दिया है कि मंजिल तक पहुंचने के लिए हालात का अनुकूल होना जरूरी नहीं, बल्कि हौसलों का बुलंद होना जरूरी है। पिता के संघर्षों से मिली प्रेरणा को अपनी ताकत बनाने वाली दीक्षा की दौड़ अभी थमी नहीं है। उनके कदम अब एक और बड़े सपने की ओर बढ़ रहे हैं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।