विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनतेरस पर खिल उठे जम्मू के बाजार, 500 करोड़ रुपये से अधिक का हुआ कारोबार

Published: Sat, 07 Nov 2026 10:14 AM (IST)

धनतेरस पर जम्मू के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे 500 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।

धनतेरस पर खिल उठे जम्मू के बाजार (जागरण फोटो)

धनतेरस पर खिल उठे जम्मू के बाजार (जागरण फोटो)

HighLights

  1. जम्मू में धनतेरस पर 500 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार।

  2. ऑटोमोबाइल सेक्टर में 200 करोड़ से ज्यादा की रिकॉर्ड खरीदारी हुई।

  3. सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और झाड़ू की भी खूब बिक्री।

जागरण संवाददाता, जम्मू। धनतेरस पर जैसी उम्मीद थी, उससे कहीं अधिक धनवर्षा हुई। धनतेरस के पावन अवसर पर जम्मू के बाजार खरीदारों से खिल उठे। सुबह से देर शाम तक शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, वाहन व अन्य घरेलू सामान की जमकर खरीदारी की।

त्योहार के उत्साह और बाजारों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए व्यापार क्षेत्र ने इस बार जम्मू में 500 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार होने का अनुमान लगाया है।

धनतेरस पर हुई खरीदारी ने कारोबारियों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी। इस बार धनतेरस पर आटोमोबाइल सेक्टर सबसे प्रमुख कारोबार केंद्र बनकर उभरा। अनुमान के अनुसार इस क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये से अधिक की खरीदारी हुई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खरीद के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कई लोगों ने धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर नई गाड़ियों की डिलीवरी ली, जबकि अनेक ग्राहकों ने पहले से बुक करवाए गए वाहनों को घर ले जाने के लिए इस दिन को चुना। कारों और दोपहिया वाहनों के शोरूम में दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

दूसरी ओर सोने और चांदी की कीमतों में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बढ़ोतरी के बावजूद सर्राफा बाजार में खरीदारी का उत्साह कम नहीं हुआ। शहर के ज्वेलरी शोरूम और सर्राफा दुकानों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।

लोगों ने परंपरा के अनुसार सोने-चांदी के सिक्के, आभूषण और अन्य कीमती वस्तुओं की खरीदारी की। हालांकि बढ़े हुए दामों के चलते कुछ ग्राहकों ने भारी आभूषणों के बजाय हल्के वजन के गहनों और छोटे सिक्कों को प्राथमिकता दी। इसके बावजूद सर्राफा कारोबार में दिनभर अच्छी गतिविधियां देखने को मिलीं।

बाजारों में दिखी रौनक

धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा का असर भी बाजारों में साफ दिखाई दिया। बर्तन बाजार में स्टील, पीतल, तांबे और अन्य धातुओं से बने बर्तनों की खूब बिक्री हुई।

लोगों ने घरों के लिए नए बर्तन, रसोई से जुड़ा सामान और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की खरीदारी की। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रेंज और डिजाइनों में सामान उपलब्ध करवाया था। इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी ग्राहकों का अच्छा रुझान देखने को मिला।

लोगों ने टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी, माइक्रोवेव और अन्य घरेलू इलेक्ट्रानिक उपकरणों की खरीदारी की। कंपनियों और दुकानदारों की ओर से दिए जा रहे आकर्षक आफर, छूट और आसान किस्तों की सुविधा ने भी ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

व्यापारिक क्षेत्रों में दिनभर रही चहल-पहल

शहर के रघुनाथ बाजार, पुरानी मंडी, सिटी चौक, कनक मंडी, गांधी नगर और अन्य प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। दुकानदारों को उम्मीद है कि धनतेरस से शुरू हुआ खरीदारी का यह सिलसिला दीपावली तक जारी रहेगा। बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण हालांकि दिनभर लोगों को ट्रैफिक जाम की स्थिति से भी जूझना पड़ा।

दोपहिया वाहनों की भी हुई रिकॉर्ड बिक्री

धनतेरस पर केवल मारुति कंपनी ने ही जम्मू में 800 गाड़ियों की डिलीवरी की। हुंडई ने भी करीब 150 गाड़ियों की डिलीवरी की और इसी तरह अन्य कंपनियों के चार पहिया वाहनों की भी अच्छी-खासी बिक्री हुई।

दो पहिया वाहनों की भी धनतेरस पर रिकॉर्ड बिक्री हुई। होंडा व हीरो इसमें सबसे आगे रहे और इन कंपनियों की करीब सात हजार स्कूटर-मोटरसाइकिलों की बिक्री हुई।

फेडरेशन आफ आटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर सभी डीलर्स शोरूम में जबरदस्त फुटफाल रहा और लोगों ने पहले से बुक करवाई गाड़ियों की आज डिलीवरी ली। उन्होंने बताया कि दिवाली और उसके बाद के लिए भी डीलरों के पास अच्छी-खासी बुकिंग है।

सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की रही रौनक

शहर के सर्राफा बाजार में चांदी और सोने के गहनों की मांग में जबरदस्त उछाल देखा गया। गांधी नगर स्थित राकेश ज्वैलर्स के साहिल गुप्ता ने बताया कि लोगों ने ठोस चांदी भी खूब खरीदी है।

सोने के सिक्कों की मांग तो पूरी करना मुश्किल हो गया था। लोग धनतेरस पर शुभ खरीदारी के लिए दस, बीस और पचास ग्राम के चांदी के सिक्के खरीद रहे थे।

इसके अलावा चांदी के सिक्कों और मूर्तियों की भी मांग बढ़ी। धनतेरस पर अच्छी बिक्री होने की बात कहते हुए उन्होंने बताया कि जिस तरह से दाम बढ़ रहे हैं, काफी लोग निवेश के लिहाज से भी ठोस सोने-चांदी की खरीद कर रहे हैं।

झाड़ू खरीदने भी उमड़े लोग

पिछले कुछ सालों में जम्मू में धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा काफी तेजी से बढ़ी है और शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर शहर की हर किरयाना दुकान के बाहर झाड़ू खरीदने वालों की भीड़ जुटी थी। कनक मंडी के थोक झाड़ू विक्रेता रवि गुप्ता के अनुसार दिवाली पर मां लक्ष्मी की पूजा का विधान है।

हर इंसान मां लक्ष्मी को अपने घर बुलाना चाहता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मां लक्ष्मी स्वच्छता और पवित्रता में वास करती है। इसको ही ध्यान में रखकर दिवाली से पहले घरों की सफाई की जाती है।

मान्यता है कि धनतेरस के दिन झाड़ू जरूर खरीदनी चाहिए। इसलिए लोग भारी संख्या में आज के दिन झाड़ू खरीदते हैं और आज शायद ही शहर का कोई ऐसा घर होगा, जहां नई झाड़ू नहीं गई होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।