शाबाश... जम्मू की धैर्य कोतवाल का शूटिंग रेंज में धमाल, चंडीगढ़ में जीते 3 मेडल; 5 निशानेबाज नेशनल के लिए क्वालीफाई
धैर्य कोतवाल ने चंडीगढ़ में 35वीं आल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर के लिए तीन पदक जीते, जिसमें ...और पढ़ें

तीन पदक जीतने वाली जम्मू-कश्मीर की प्रतिभाशाली शूटर धैर्य कोतवाल।
HighLights
धैर्य कोतवाल ने 35वीं जीवी मावलंकर शूटिंग में तीन पदक जीते।
सब-यूथ में रजत, जूनियर और सीनियर में कांस्य पदक जीते।
अन्य निशानेबाजों ने भी राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
जागरण संवाददाता, जम्मू। मिशन ओलिंपिक्स शूटिंग अकादमी जम्मू की प्रतिभाशाली निशानेबाज धैर्य कोतवाल ने चंडीगढ़ में जारी 35वीं आल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए तीन पदक हासिल किए।
खेलो इंडिया से मान्यता प्राप्त मिशन ओलिंपिक्स शूटिंग अकादमी की धैर्य कोतवाल ने 395 का प्रभावशाली स्कोर करते हुए सब-यूथ वर्ग में रजत पदक जीता जबकि इसके उपरांत जूनियर और सीनियर वर्ग में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक-एक कांस्य पदक अपने नाम किए।
5 खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में जम्मू के मिशन ओलिंपिक्स शूटिंग अकादमी की अन्य निशानेबाजों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। शेख जेनब इकबाल ने 50 मीटर स्पर्धा में 391 और 557 का स्कोर दर्ज किया। वहीं अद्विका सिंह ने 391, तरलीन कौर ने 390, लोविया परिहार ने 389 और माधवी डबास ने 384 का स्कोर हासिल किया।
इन सभी निशानेबाजों ने अपने प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। युवा निशानेबाजों के इस प्रदर्शन को जम्मू-कश्मीर में शूटिंग खेल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कोचों ने खिलाड़ियों की मेहनत को सराहा
मिशन ओलिपिंक्स शूटिंग अकादमी के कोच विशाल मेहरा और अमन सिंह ने धैर्य कोतवाल समेत सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और मेहनत की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
धैर्य कोतवाल सहित अन्य सभी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जम्मू-कश्मीर राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरिंदर सिंह सोढी, चेयरमैन कुलदीप जम्वाल, महासचिव शरत चंदर सिंह और कोषाध्यक्ष अरुण मंसोत्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों और अकादमी के प्रयासों की सराहना की।
छिपी खेल प्रतिभाओं को तराशने में जुटी अकादमी
मिशन ओलिंपिक्स शूटिंग अकादमी के कोच एवं निदेशकों में से एक विशाल मेहरा ने कहा कि खेलो इंडिया अकादमी के रूप में हमारी अकादमी जम्मू-कश्मीर में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने के लिए प्रतिबद्ध है।
अकादमी खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार कर रही है।
