बिहार में अपराध के अपने बयान से पलटे राज्यपाल सत्यपाल मलिक
राज्यपाल बोले- जम्मू कश्मीर में हालात बहुत शांत हैं। यहां एक दिन में जितनी मौते होती हैं, उससे कहीं ज्यादा कत्ल एक दिन में पटना शहर में होते हैं।
'राज्य ब्यूरो, जम्मू। राज्यपाल सत्यपाल मलिक अब पटना में अपराध पर दिए अपने पुराने बयान से पलट गए। उन्होंने कहा कि मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। बिहार में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को कृषि और कौशल का बड़ा खजाना बना दिया है।
गौरतलब है कि गत सप्ताह राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने यहां एक समारोह में कहा था कि जम्मू कश्मीर में हालात बहुत शांत हैं। यहां एक दिन में जितनी मौते होती हैं, उससे कहीं ज्यादा कत्ल एक दिन में पटना शहर में होते हैं। बातचीत में उन्होंने कहा कि मैंने बिहार के बारे में कोई गलत टिप्पणी नहीं की थी, मैंने जो कहा था उसे गलत तरीके से पेश किया।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस है। नामी अपराधियों और माफिया का नीतीश कुमार की सरकार ने सफाया किया है। नीतीश तो किसी अपराध में लिप्त रहने पर अपने किसी सहयोगी को भी नहीं बख्शते। उनका ट्रैक रिकॉर्ड इसकी पुष्टि करताहै।
राज्यपाल ने कहा कि मैंने कहा था कि पूर्व भारत के बड़े शहरों मे अपराध दर निजी दुश्मनी के कारण ज्यादा है। कश्मीर में ऐसा नहीं है। किसी भी मुख्यमंत्री या किसी सरकारी अधिकारी को विभिन्न लोगों की निजी दुश्मनी के कारण होने वाले अपराधों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। बिहार को इस बात का फº होना चाहिए कि उसके पास नीतीश कुमार जैसा मुख्यमंत्री हैं जिससे देश के अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सबक लेना चाहिए। राज्यपाल सत्यपाल मलिकने कहा कि नीतीश कुमार एक इमानदार और प्रतिभाशाली व सूझ-बूझवाले नेता है। वह आदर्श व्यक्तित्व रखते हैं।
अगर पटना में कुछ अपराध होते भी हैं तो उनकी जांच, उनका निपटारा , अदालती कार्रवाई त्वरति होती है। नीतीश कुमार न्याय प्रदान करने को संकल्पबद्ध हैं। वह दोषियों को दंडित करने के लिए हमेशा प्रोएक्टिव रहते हैं। उनके मुख्यमंत्री बनने से पहले बिहार में अपराध दर बहुत ज्यादा थी। लेकिन उन्होंने बिहार की कमान संभालने के साथ वहां अपराधों पर अंकुश लगाते हुए कानून व्यवस्था का राज कायम किया।
शिक्षा, कौशल विकास और कृषि क्षेत्र में विकास के लिए बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा किए प्रयासों को सराहते हुए राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि दिग्गज नेताओं द्वारा संचालित व स्थापित सैकड़ों कॉलेजों का उन्होंने केंद्रीयकरण किया और इसके लिए मैंने नीतिश कुमार का पूरा समर्थन किया। उन्होंने ही बिहार के शिक्षा क्षेत्र में सुधार और बदलाव लाया है, आज बिहार कौशल प्रबंधन में दूसरों के लिए मिसाल है।
हम चाहते कि जम्मू कश्मीर में रोजगार, कुशल कामगारों को पैदा करने व शिक्षा क्षेत्र में बदलाव के लिए बिहार के माडल को दोहराएं। नीतीश कुमार ने बिहार में कृषि क्षेत्र के विकास के लिए एक नया रोडमैप शुरू किया है जो पूरी तरह कार्यान्वित होने के बाद तीसरी कृषि क्रांति का जनक बनेगा। यह क्रांति बिहार से ही शुरू होगी।गौरतलब है कि सत्यपाल मलिक इससे पूर्व बिहार के राज्यपाल भी रह चुके हैं।