दीपिका रजावत की गिरफ्तारी की मांग पर प्रदर्शन
जागरण संवाददाता जम्मू नवरात्र के त्योहार के दौरान विवादास्पद ट्वीट को लेकर भाजपा महिला
जागरण संवाददाता, जम्मू : नवरात्र के त्योहार के दौरान विवादास्पद ट्वीट को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने बुधवार को एडवोकेट दीपिका सिंह रजावत के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा ने एसपी साइबर क्राइम नरेश सिंह के पास दीपिका रजावत के खिलाफ शिकायत भी दर्ज करवाई और दीपिका रजावत को गिरफ्तार करने की मांग की। इससे पूर्व मोर्चा कार्यकर्ताओं ने एडवोकेट दीपिका के शास्त्री नगर स्थित कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष संजिता डोगरा, पूर्व मंत्री प्रिया सेठी, उपाध्यक्ष अनुराधा चाढ़क, सचिव वीनू खन्ना, अनुराधा चाढ़क, वीनू खन्ना, नेहा महाजन, उर्वशी गुप्ता आदि शामिल रहे। संजिता डोगरा ने कहा कि दीपिका के विवादित ट्वीट से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। प्रिया सेठी ने कहा कि सस्ती लोकप्रियता के लिए धर्म विशेष पर ऐसे विवादित ट्वीट की जितनी आलोचना की जाए, कम है। प्रदर्शन के दौरान अनुराधा चाढ़क, वीनू खन्ना व मोर्चा महासचिव नेहा महाजन तथा उर्वशी गुप्ता ने भी दीपिका के ट्वीट पर अपने गुस्से का इजहार करते हुए पुलिस से उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।