जम्मू-कश्मीर में 4 बड़े पावर प्रोजेक्ट्स की देरी से खजाने पर बोझ, 5737 करोड़ रुपये बढ़ी लागत; कब चालू होंगी परियोजनाएं?
जम्मू-कश्मीर में चिनाब बेसिन की चार प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं में देरी और लागत वृद्धि हुई है। कुल 3014 मेगावाट क्षमता वाली इन परियोजनाओं की लागत 5,737.29 करोड़ रुपये बढ़ गई है।
-1795480247122_m.webp)
जम्मू-कश्मीर में 4 बड़े पावर प्रोजेक्ट्स की देरी से खजाने पर बोझ। फाइल फोटो
HighLights
चिनाब बेसिन की चार जलविद्युत परियोजनाओं में भारी देरी हुई।
परियोजनाओं की संयुक्त लागत 5,737 करोड़ रुपये तक बढ़ी।
तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं से निर्माण कार्य प्रभावित।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना को चिनाब बेसिन की चार प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं में देरी से झटका लगा है। कुल 3014 मेगावाट क्षमता वाली इन परियोजनाओं में पकल दुल और किरू का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि रतले और क्वार का काम अब तक 42 प्रतिशत भी पूरा नहीं हुआ है। देरी के साथ चारों परियोजनाओं की संयुक्त लागत भी मूल अनुमान से 5,737.29 करोड़ रुपये बढ़ गई है।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (मॉस्पी) की सितंबर 2026 की फ्लैश रिपोर्ट के अनुसार, चारों परियोजनाओं की मूल अनुमानित लागत 22,207.77 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर 27,945.06 करोड़ रुपये हो गई है। इन पर अब तक 18,078.10 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। आंकड़े 23 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त जानकारी पर आधारित हैं।
कितनी बढ़ी लागत
1000 मेगावाट क्षमता वाली पकल दुल परियोजना का 89 प्रतिशत और 624 मेगावाट की किरू परियोजना का 92.10 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। एनएचपीसी के माध्यम से चिनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (सीवीपीपीएल) द्वारा बनाई जा रही पकल दुल की लागत 8,112.12 करोड़ से बढ़कर 12,728 करोड़ रुपये हो गई है। इस पर अब तक 10,038.05 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
किरू की लागत भी 4,287.59 करोड़ से बढ़कर 5,409 करोड़ रुपये हो गई है। इस पर 4,196.07 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
किरू की सभी यूनिट मार्च 2027 तक शुरू करने की योजना
मास्पी ने दोनों परियोजनाओं की पूर्णता समयसीमा दिसंबर 2026 निर्धारित की है, लेकिन एनएचपीसी ने निवेशक कॉन्फ्रेंस कॉल में अलग कार्यक्रम बताया है। इसके अनुसार, पकल दुल की दो यूनिट मार्च 2027 और पूरी परियोजना जून 2027 तक चालू करने का लक्ष्य है। किरू की सभी यूनिट मार्च 2027 तक शुरू करने की योजना है।
850 मेगावाट क्षमता वाली रतले परियोजना का केवल 33.14 प्रतिशत निर्माण पूरा हुआ है। फरवरी 2026 की मूल समयसीमा के मुकाबले अब इसे नवंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस पर 1,743.87 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं और अनुमानित लागत 5,281.94 करोड़ रुपये है। एनएचपीसी के अनुसार, बांध में कंक्रीट निर्माण का कार्य 2 नवंबर 2026 को शुरू हुआ।
वहीं, 540 मेगावाट की क्वार परियोजना का 41.55 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। इस पर 2,100.11 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसकी अनुमानित लागत 4,526.12 करोड़ रुपये है। परियोजना की समयसीमा नवंबर 2026 से बढ़ाकर मार्च 2028 की गई है, जबकि एनएचपीसी ने मई 2028 तक कमीशनिंग का लक्ष्य बताया है। उल्लेखनीय है कि रतले और क्वार की अनुमानित लागत में फिलहाल वृद्धि दर्ज नहीं की गई है।
श्रमिकों की हड़ताल से निर्माण प्रभावित
केंद्र सरकार ने 20 जुलाई 2026 को राज्यसभा में बताया था कि परियोजनाओं में देरी के पीछे तकनीकी, प्रशासनिक और स्थानीय स्तर की कई बाधाएं रही हैं। पकल दुल में अदालती मामला, कोविड महामारी, पहाड़ी ढलान का धंसना, टनल बोरिंग मशीन में खराबी, श्रमिकों की हड़ताल और भूमि उपलब्धता में देरी ने काम प्रभावित किया।
किरू में बाढ़ से सड़कें क्षतिग्रस्त होने, संपर्क बाधित होने और डैम टावर क्रेन के पुर्जों की आपूर्ति में देरी प्रमुख कारण रहे।रतले में चिनाब नदी का अत्यधिक जलप्रवाह, डायवर्जन टनल में बाढ़, ब्लास्टिंग पर प्रतिबंध और भूमि विवाद बाधा बने। वहीं, क्वार में हाइड्रो-मैकेनिकल और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्यों के ठेके आवंटित करने में देरी तथा श्रमिकों की हड़ताल से निर्माण प्रभावित हुआ।
चिनाब बेसिन की इन चारों परियोजनाओं के पूरा होने से जम्मू-कश्मीर की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में 3014 मेगावाट की वृद्धि होगी। इससे स्थानीय स्तर पर बिजली उत्पादन बढ़ने के साथ बाहरी स्रोतों से बिजली खरीद पर निर्भरता कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।