फ्लोर टेस्ट में विजयपुर नपा अध्यक्ष पास
विजयपुर नगरपालिका अध्यक्ष दीपक कुमार फ्लोर टेस्ट में पास हो गए। दो पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव से अपने हाथ खींच लिए।
संवाद सहयोगी, विजयपुर : विजयपुर नगरपालिका अध्यक्ष दीपक कुमार फ्लोर टेस्ट में पास हो गए। उनकी कुर्सी बच गई। अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने वाले दो पार्षदों ने अपना नाम वापस ले लिया। अंदर ही अंदर कई दिन से नगरपालिका अध्यक्ष को चल रहा विवाद फिलहाल थम गया है।
दरअसल, शुक्रवार को आठ पार्षदों ने मौजूदा नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव म्यूनिसिपल अधिकारी अजय सांगड़ा को सौंपा था। उमसें दो पार्षद कांग्रेस के थे और 6 निर्दलीय। कांग्रेस के दोनों पार्षद अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने से पीछे हट गए। उन्होंने अपने हस्ताक्षरों को खारिज करवाया। रविवार को ही पहले वार्ड नौ की पार्षद नीलम देवी ने कहा कि जब अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करवाया गया था, तब वह बीमार थी। वह मामला समझ नहीं सकी थी, लिहाजा उनके हस्ताक्षर को खारिज किया जाए। इस बीच म्यूनिसिपल अधिकारी ने अध्यक्ष दीपक को सोमवार को फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित करने को कहा। सोमवार को वार्ड दो के पार्षद राजन शर्मा भी पीछे हट गए। इस तरह अध्यक्ष दीपक कुमार की कुर्सी बच गई। फ्लोर टेस्ट में पास होने पर दीपक ने कहा कि उन्होंने अच्छा काम किया है, जिसका नतीजा अच्छा निकला। कुछ लोग उनके खिलाफ पार्षदों को भड़का रहे थे। माहौल को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पार्षदों के सहयोग से स्थायी रूप से कस्बे का विकास कार्य जारी रहेगा।