माकपा ने नए भू स्वामित्व कानून का किया विरोध
संवाद सहयोगी मीरां साहिब मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी (माकपा) ने केंद्र सरकार की तरफ से ज
संवाद सहयोगी, मीरां साहिब : मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी (माकपा) ने केंद्र सरकार की तरफ से जम्मू कश्मीर में लागू किए गए भूमि कानून का विरोध किया है। माकपा की राज्य कमेटी के सदस्य कामरेड किशोर शर्मा ने कहा कि इस केंद्रीय भूमि कानून से भारत का कोई भी नागरिक जम्मू और कश्मीर में भूमि खरीद सकता है। इससे भाजपा का दोहरा चेहरा जनता में बेनकाब हो गया है। भाजपा ने जम्मू के लोगों के साथ विश्वासघात किया है, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा।
शर्मा ने कहा नए भूमि स्वामित्व कानून को यदि केंद्र सरकार ने वापस नहीं लिया तो इसके खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि नए भू स्वामित्व कानून से अब गैर कृषि भूमि की खरीद और कृषि भूमि का हस्तांतरण आसान हो जाएगा। केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों को गुमराह कर रही है और स्थानीय लोगों और राजनीतिक दलों को विश्वास में लिए बिना ही इस कानून को पारित किया गया है। भाजपा भारत में लोकतंत्र को खत्म कर रही है और संघीय ढांचे को नुकसान पहुंचा रही है। इसे प्रदेश के लोग कभी भी मंजूर नहीं करेंगे। किशोर शर्मा ने कहा कि बाहर से आने वाले लोग, जब यहां बसेंगे तो राज्य का माहौल भी बिगड़ेगा और जम्मू कश्मीर भी बिहार और दूसरे राज्यों की तरह बन जाएगा। इस मौके पर उनके साथ किसान नेता बाबा राम भी मौजूद थे।