आर्थिक मंदी सहित अन्य अहम मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए कल सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेसी
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जम्मू को छोड़कर जम्मू संभाग के अन्य जिलों में 19 नवंबर को इसी मुदे पर विरोध प्रदर्शन किए थे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। देश में आर्थिक मंदी, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शनिवार को विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ने अहम मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए तैयारी की है। जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को भी कांग्रेस उठा रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की शुक्रवार को बैठक हुई जिसमें पार्टी के शनिवार को होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने पर विचार विमर्श किया गया।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि पार्टी ने विरोध प्रदर्शन की पूरी तैयारी की है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इस समय देश आर्थिक मंदी के चपेट में आ रहा है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। बेरोजगार में युवा वर्ग पिस रहे है। किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए तैयार है।
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जम्मू को छोड़कर जम्मू संभाग के अन्य जिलों में 19 नवंबर को इसी मुदे पर विरोध प्रदर्शन किए थे। केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए भी संघर्ष शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रधान जीए मीर का कहना है कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करवाने के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। अकसर यह देखा गया है कि केंद्र शासित प्रदेशों को राज्य का दर्जा दिया जाता है लेकिन राज्य का दर्जा छीनकर केंद्र शासित प्रदेश बनाया जाना अपनी तरह का पहला मामला है।