Jammu Kashmir: कांग्रेस ने महात्मा गांधी को याद करने के बाद किसानों, हाथरस मुद्दों पर प्रदर्शन किया
महात्मा गांधी को याद करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने चौक में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथरस में युवती की हत्या के मामले में योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि कृषि सुधारों के नाम पर पारित किए गए तीनों विधेयक किसान विरोधी है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर ने महात्मा गांधी को जयंती पर नमन करने के बाद किसानों, हाथरस में युवती की हत्या के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। पार्टी मुख्यालय शहीदी चौक में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी के उप प्रधान और पूर्व मंत्री रमण भल्ला, मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, नीरज गुप्ता, मनमोहन सिंह, रजनीश शर्मा, हरि सिंह व अन्य कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद किया।
भल्ला ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए संघर्ष का नेतृत्व किया। महात्मा गांधी ने अहिंसा का नारा देते हुए देश को आजादी दिला दी। उनको सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम देश की एकता व अखंडता के लिए काम करें। मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। अब राष्ट्रवादी होने पर सवाल उठाए जा रहे है। जम्मू कश्मीर में लोगों की समस्याओं को दूर करने में सरकार नाकाम रही है।
महात्मा गांधी को याद करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने चौक में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथरस में युवती की हत्या के मामले में योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं दिया जा रहा है। मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि कृषि सुधारों के नाम पर पारित किए गए तीनों विधेयक किसान विरोधी है। न्यूनतम समर्थन मूल्य को खत्म करके किसानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
हाथरस में युवती की हत्या के मामले में योगी सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को लेकर पार्टी कोई समझौता नहीं करेगी। किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। कृषि सुधारों के विधेयकों के नाम पर भाजपा किसानों को गुमराह कर रही है। हम किसानों को जागरूक करने के अभियान को जारी रखेंगे।