Move to Jagran APP

कांग्रेस के जीए मीर बोले- हिमाचल की तरह जम्मू-कश्मीर के लोग आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगे

मीर ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां जन विरोधी किसान विरोधी व्यापार विरोधी हैं। जम्मू कश्मीर में बेरोजगारी की दर बहुत अधिक है लेकिन अफसोस की बात यह है कि राज्य का दर्जा कम करके केंद्र शासित प्रदेश बनाए गए बाहरी लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं।

By Vikas AbrolEdited By: Mon, 15 Nov 2021 07:32 PM (IST)
कांग्रेस के जीए मीर बोले- हिमाचल की तरह जम्मू-कश्मीर के लोग आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगे
मीर ने कहा है कि एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, आवश्यक वस्तुओं के दाम में बढ़ोतरी से हर कोई परेशान है।

जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर के प्रधान जीए मीर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की तरह जम्मू कश्मीर के लोग भी आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखा देंगे। मोदी सरकार की नीतियों से आम जनता को पिसना पड़ रहा है। महंगाई व बेरोजगारी ने लोगों की परेशानियों को बहुत अधिक बढ़ा दिया है।

पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता ठाकुर शिव देव सिंह की तरफ से नगरोटा में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए मीर ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां जन विरोधी, किसान विरोधी, व्यापार विरोधी हैं। जम्मू कश्मीर में बेरोजगारी की दर बहुत अधिक है लेकिन अफसोस की बात यह है कि राज्य का दर्जा कम करके केंद्र शासित प्रदेश बनाए गए जम्मू कश्मीर में बाहरी लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं। पार्टी के महंगाई के मुद्दे पर जन जागरण अभियान के तहत आयोजित रैली में मीर ने कहा है कि एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, आवश्यक वस्तुओं के दाम में बढ़ोतरी से हर कोई परेशान है। अभी हाल ही में देश के कई हिस्सों में उपचुनाव में लोगों ने भाजपा को सबक सिखा दिया है जिसके बाद सरकार ने पेट्रोल व डीजल के दाम में कमी की है। किसान पिछले ग्यारह महीने से आंदोलन की राह पर है। उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।

जम्मू कश्मीर में बेरोजगारी की दर सबसे अधिक है। टाेल प्लाजा, बिजली का निजीकरण का बोझ भी लोगों पर पड़ा है। हमारी मांग है कि जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करके विधानसभा चुनाव करवाए जाएं। पूर्व विधायक ठाकुर शिव देव सिंह ने कहा कि मोदी सरकार महंगाई पर काबू पाने में नाकाम साबित हुई है। पूर्व मंत्री मुला राम ने कहा कि मोदी सरकार के समय में बेरोजगारी, महंगाई बढ़ गई है। देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो गई है। पूर्व मंत्री रमण भल्ला ने कहा कि जम्मू से भाजपा के पच्चीस विधायक जीते थे लेकिन लोगों ने भाजपा ने कुछ नहीं किया। मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, टीएस बाजवा, ठाकुर हरि सिंह व अन्य ने संबोधित किया।