जम्मू में बादल फटने से तबाही, फैक्ट्री ढही, पुल बहा
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के साथ लगते कोट भलवाल, बन तालाब इलाके में बादल फटने से भारी
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के साथ लगते कोट भलवाल, बन तालाब इलाके में बादल फटने से भारी तबाही हुई। आधा दर्जन मुहल्लों में पानी भर गया। करोड़ों की संपत्ति बर्बाद हो गई। दो फैक्ट्रियां, एक पुल समेत दर्जनों ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
बादल रविवार तड़के करीब तीन बजे फटे। उस समय लोग गहरी नींद में थे। पहाड़ी व ऊंचाई वाले क्षेत्र कोट भलवाल व बन तालाब में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ का पानी तबाही मचाते हुए लोगों के घरों में घुस गया। इससे गुड़ा ब्राह्मणा, गंगा नगर, कर्ण विहार, अप्पर ठठर, लोअर ठप्पर, भलवाल, बन तालाब, पटोली ब्राह्मणा समेत दर्जन भर मुहल्ले प्रभावित हुए। गुड़ा ब्राह्मणा गंगा नगर में बर्तन बनाने की फैक्टरी चरण ¨सह एंड संस की दीवारें बह गई और छत ढह गई। बाढ़ के पानी के साथ फैक्ट्री में बने लाखों रुपये के बर्तन बह गए। इससे लाखों रुपये का अन्य नुकसान भी हुआ। दावा किया गया कि यहां करीब पंद्रह लाख रुपये के बर्तन बह गए। वहीं अप्पर ठठर इलाके में विशाखा आर्थोपैडिक एप्लायंसेंस नामक फैक्टरी बर्बाद हो गई। कर्ण विहार क्षेत्र में कई घरों में पानी घुस गया। यहां रहने वाले कुलभूषण अरोड़ा के मकान में करीब तीन फुट मलबा जमा हो गया। उनकी स्कूटियां, वा¨शग मशीन समेत अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण बर्बाद हो गए। इतना ही नहीं उनके घर में चल रही चॉकलेट बनाने की फैक्टरी का भी नुकसान पहुंचा।
भलवाल से नीचे की ओर आते इस पानी ने खड्ड के आसपास रहने वालों को काफी नुकसान पहुंचाया। अप्पर ठठर में कई कनाल जमीन में लगी धान की फसल भी जलमग्न हो गई। बाग अली, सोनू, जमील ने कहा कि उनकी सारी फसल पानी की भेंट चढ़ गईै। इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ। वहीं अप्पर ठठर के मुख्य मार्ग को जोड़ने के लिए खड्ड में बनाया गया पुल का एक हिस्सा भी बाढ़ की भेंट चढ़ गया। करीब बीस लाख रुपये की लागत से यह पुल बन पाएगा। इससे आसपास के गांव इस मार्ग से कट गए हैं। यह पानी ज्यों-ज्यों आगे बढ़ता गया, तबाही मचाता गया। नीचे आते-आते पानी कम होता चला गया। बगानी तालाब, रायपुर में भी लोगों की घरों की दीवारों को इस पानी से नुकसान पहुंचा। वहीं सेंट्रल जेल भलवाल की चारदीवारी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इतना ही नहीं बन तालाब में केरन स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन की चारदीवारी भी बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई। पटौली ब्राह्मणा में पोल्ट्री फार्म में पानी घुसने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ। चूजे पानी में मर गए। अन्य सामान बर्बाद हो गया। यहां आसपास के करीब बीस घरों में भी जलभराव हुआ।