'क्लीन हिमालयन सिटी' का तमगा तो मिला, पर गलियों के कचरे से कब मिलेगी निजात? अब जम्मू नगर निगम उठाएगा सख्त कदम
देश में 'क्लीन हिमालयन सिटी' का तमगा मिलने के बावजूद जम्मू की तंग गलियों और खाली प्लॉटों में कचरे के ...और पढ़ें

गलियों के कचरे से निजात पाने को जम्मू नगर निगम ने कसी कमर।
HighLights
जम्मू को 'क्लीन हिमालयन सिटी' में दूसरा स्थान मिला।
तंग गलियों, नालों में कचरा जमा, स्वच्छता चुनौती।
निगम अब कचरा अलगाव, जुर्माने पर सख्ती करेगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। एक तरफ देश भर में स्वच्छता के पैमाने पर मंदिरों का शहर अपनी पीठ थपथपा रहा है, तो दूसरी तरफ शहर की तंग गलियों, नालों और खाली प्लॉटों में बजबजाते कचरे के ढेर स्वच्छ जम्मू के दावों को मुंह चिढ़ाते नजर आते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद जम्मू नगर निगम की बाछें खिली हुई हैं। अब इस रैंकिंग को भुनाने और आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में स्थिति को और मजबूत करने के लिए निगम प्रशासन ने कमर कस ली है।
हालांकि शहर की जमीनी हकीकत और कागजी आंकड़ों के बीच की खाई किसी से छिपी नहीं है। मुख्य सड़कों पर भले ही झाड़ू चलता दिख जाए, लेकिन शहर के कई बाहरी और संकरी गलियों वाले इलाकों में व्यवस्था आज भी पटरी से उतरी हुई है।
बाहुफोर्ट के वार्ड नंबर 47 स्थित महाशा मोहल्ला, राजीव कालोनी समेत कई ऐसे तंग मोहल्ले हैं, जहां से कचरा रूटीन में नहीं उठता। गाड़ियों के न पहुंच पाने या कर्मचारियों की लापरवाही के चलते इन इलाकों में गंदगी जमा रहती है।
नाले और प्लाट बने डंपिंग जोन
सिर्फ निगम ही नहीं, शहरवासियों की आदतें भी स्वच्छता की राह में बड़ा रोड़ा बनी हुई हैं। करोड़ों रुपये खर्च कर चलाए गए जागरूकता अभियानों के बावजूद, आज भी अधिकांश घरों में लोग गीला और सूखा कचरा अलग-अलग नहीं करते।
नतीजतन कचरा सेग्रीगेशन की पूरी कवायद दम तोड़ती नजर आती है। यही नहीं नागरिक जिम्मेदारी से मुंह मोड़ते हुए कई लोग आज भी बेखौफ होकर घरों का कचरा सीधे नालों और आसपास के खाली प्लाटों में फेंक देते हैं जिससे न केवल गंदगी फैलती है बल्कि नालियां जाम होने की समस्या भी विकराल हो जाती है।
अब सख्ती और जागरूकता का चलेगा डबल डोज
इस दोहरी चुनौती से निपटने के लिए अब निगम ने सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। क्लीन हिमालयन सिटी के सम्मान से उत्साहित निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि अब हर घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाने की व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।
इसके लिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों और नालों व खाली प्लाटों में गंदगी फैलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाने की तैयारी है। साथ ही संकरी गलियों से नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और सुपरवाइजरों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी?
जम्मू नगर निगम ज्वाइंट कमिश्नर (हेल्थ एंड सेनिटेशन) अब्दुल स्तार ने बताया कि ‘क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में देश भर में दूसरा स्थान मिलना जम्मू के लिए गर्व की बात है, लेकिन हमें अभी और लंबा सफर तय करना है। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान पाने के लिए हर घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करना अनिवार्य किया जा रहा है।
सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वार्ड स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाएं और हर गली-मोहल्ले से नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करें। इसके बावजूद जो लोग नालों, खाली प्लाटों या खुले में कचरा फेंकेंगे, उनके खिलाफ अब सख्त कार्रवाई व जुर्माना लगाया जाएगा।’
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।