विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आस्था का महापर्व छठ: खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू, आज अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे अर्घ्य

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:03 AM (GMT+05:30)

जम्मू में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। खरना पूजन के ...और पढ़ें

आस्था का महापर्व छठ: खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू (फाइल फोटो)

आस्था का महापर्व छठ: खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू (फाइल फोटो)

HighLights

  1. खरना पूजन से 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ हुआ

  2. व्रती आज डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे

  3. जम्मू में छठ घाटों पर भव्य तैयारियां की गईं

जागरण संवाददाता, जम्मू। मंदिरों के शहर जम्मू में लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और पूरे विधि-विधान के साथ खरना पूजन किया। इसी के साथ 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत हो गई। रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस महापर्व का समापन होगा।

खरना पूजन छठ महापर्व का एक महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखती हैं और शाम को स्नान कर स्वच्छता एवं पवित्रता के साथ भगवान सूर्य तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना करती हैं। इसके बाद पारंपरिक रूप से तैयार किए गए प्रसाद का भोग लगाया जाता है।

36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प

शनिवार को भी घरों में श्रद्धालुओं ने गुड़ और चावल से बनी खीर, गेहूं के आटे की रोटी तथा केले सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए।

पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प लिया। मान्यता के अनुसार खरना के बाद शुरू होने वाला यह निर्जला व्रत छठ पर्व की सबसे कठिन साधना माना जाता है।

इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग कर पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना के लिए यह व्रत किया जाता है। छठ पूजा में स्वच्छता, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति आभार का विशेष महत्व है।

रविवार को छठ पर्व का तीसरा दिन होगा, जिसे संध्या अर्घ्य के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर व्रती महिलाएं और पुरुष परिवार के सदस्यों के साथ पूजा सामग्री लेकर नदी, तालाब, जलाशयों और निर्धारित घाटों पर पहुंचेंगे। वहां पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।

इसके लिए बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना, केला तथा अन्य पूजन सामग्री सजाई जाती है। सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाएगी।

वहीं, छठ पूजा को लेकर जम्मू में बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिली। शनिवार को त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन में लगाई गई विशेष छठ पूजा मंडी में दिनभर श्रद्धालुओं और खरीदारों की आवाजाही बनी रही। इसके अलावा बाड़ी ब्राह्मणा में भी छठ पूजा की आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

बाजारों में फल, नारियल, गन्ना, केले, सूप, दउरा, मिट्टी के बर्तन और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की खरीदारी होती रही। छठ पूजा के पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

सोमवार सुबह छठ महापर्व का अंतिम अनुष्ठान उषा अर्घ्य होगा। व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।

घाटों पर भव्य तैयारियां

डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों, डिग्याना, त्रिकुटा नगर, गंग्याल, सिद्धड़ा और बाड़ी ब्राह्मणा में छठ घाटों को सजाने-संवारने का काम देर रात तक चलता रहा।

विशेष रूप से बाड़ी ब्राह्मणा के सिडको मैदान में भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जहां विशाल अस्थायी जलाशय बनाया गया है। पंडालों को रंग-बिरंगी झालरों और लाइटों से सजाया गया। वहीं आसपास झूले, भक्ति संगीत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।

श्रद्धा और सामाजिक एकता का पर्व

छठ पर्व अब जम्मू की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुका है। यह पर्व न केवल सूर्य और प्रकृति की उपासना का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक भक्ति का संदेश भी देता है।

बिहार सेवा समिति जम्मू के संजय कुमार पोद्दार ने बताया कि इस बार बाड़ी ब्राह्मणा के सिडको मैदान में छठ पूजा का नजारा विशेष होगा। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु का पुष्पवर्षा से स्वागत होगा।

पूरे मैदान में रंग-बिरंगी रोशनियां लगाने के साथ स्वागत द्वार बनाए गए हैं। इस बार बाड़ी ब्राह्मणा का सिडको मैदान छठ महापर्व के उल्लास व सामूहिक श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।