Chhath Puja 2022 : गाजे-बाजे के साथ डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य, तस्वीरों में देखें छठ की छटा
Chhath Puja 2022 बिहार छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संजय कुमार पोद्दार ने कहा कि डिगियाना मेें संध्या अर्घ्य के बाद भव्य रंगारंग धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें शिव तांडव और भगवान की अलग-अलग झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
जम्मू, जागरण संवाददता : सूर्य उपासना के महापर्व छठ की छटा पूरे शहर में बिखर रही है। डूबते हुए भगवान सूर्य को धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ अर्घ्य अर्पित किया गया। अब सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रती पारण करेंगे। कई जगहों पर छठ घाट बनाकर उसे भव्य रूप से सजाया गया है। डिगियाना नहर किनारे, सिडको मैदान बाड़ी ब्राह्मणा, त्रिकुटा नगर, गंग्याल, बिक्रम चौक और हरिकी पौड़ी घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा पड़ा। इस दौरान छठ के लोकगीतों से बिहार और जम्मू-कश्मीर की दूरी पट-सी गई थी।
बाड़ी ब्र्राह्मणा सिडको ग्राउंड में प्राकृतिक छठ घाट का दृश्य देखते ही बन रहा था। यहां काफी उत्साह के साथ हजारों लोगों की भीड़ ने छठ पूजनोत्सव को छठ महोत्सव बना रहा था। एक तरफ व्रती सूर्य की आराधना कर रही थीं तो दूसरी ओर मंच से छठ पूजा के लोक गीतों से कलाकार सिडको ग्राउंड ही नहीं पूरे बाड़ी ब्राह्मणा को छठ के रंग में रंग रहा था। वहीं बच्चों के लिए झूले भी लगाए गए थे, जिसका बच्चों ने खूब लुत्फ लिया। इससे वहां मेले जैसा माहौल भी बना रहा।
वहीं डिगियाना में एक तरफ नहर में पानी मंद-मंद बह बह रहा ताे दूसरी तरफ श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ रहा था। बैंड बाजे और छठ पर्व के गीतों से माहौल भक्तिपूर्ण बना रहा। बिहार छठ पूजा समिति की ओर यहां भव्य प्रबंधन और आयोजन किया गया था। आधी रात के बाद से यहां भक्तिपूर्ण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
बाड़ी ब्राह्मणा में व्रतियों का पुष्पवर्षा से स्वागत
बाड़ी ब्रह्मणा के सिडको ग्राउंड में प्रवेश करते ही व्रतियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। छठ पूजा समिति बाड़ी ब्रह्मणा के प्रधान संतोष कुमार, उप प्रधान दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष आशुतोष झा आदि ने छठ पूजा एक ऐसा त्योहार होता है, जिसमें कोई ऊंच-नीच का भाव नहीं होता और न ही किसी पंडित की जरूरत पड़ती है। सभी एक साथ घाट पर पूजा करते हैं और भाईचारा का संदेश देते हैं। कई जरूरतमंदों को छठ पूजा करने के लिए पूजन सामग्री भी समिति की तरफ से उपलब्ध कराया गया।
सुबह डिगियाना नहर किनारे कई तरह के लगेंगे स्टाल
बिहार छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संजय कुमार पोद्दार ने कहा कि डिगियाना मेें संध्या अर्घ्य शांतिपूर्णक संपन्न हो गया। आधी रात के बाद यहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शिव तांडव और भगवान की अलग-अलग झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगा। सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद श्रद्घालुओं के लिए खाने-पीने के कई स्टाल लगाए जाएंगे। समिति के सदस्य जेएन मिश्रा, भोला शाह, सुशील कुमार आदि ने कहा कि यहां छोले-भटूरे, हलवा, मिठाई और चाय-ब्रेड का भी इंतजाम रहेगा।