चेयरमैन बलदेव सिंह ने जम्मू नगर निगम से पूछा- वर्ष 2012 के वाहनों को क्यों कंडल कर दिया गया?
वाहन अब चलने लायक नहीं है उन्हें नीलाम कर इनके स्थान पर नए वाहनों की खरीद की जाए जिससे शहर के लोगों को सफाई व्यवस्था में वाहनों की कमी के कारण कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि इस मामले को निगम आयुक्त के ध्यान में भी लाया जाएगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता : जम्मू नगर निगम ने वर्ष 2012 में खरीदे कुछ वाहनों को कंडम करार देते हुए इन्हें मांडा स्थित यार्ड में खड़ा कर दिया है। ऐसा क्या हुआ कि कुछ साल चले वाहन बेकार साबित कर दिए गए। क्यों इन्हें ठीक नहीं करवाया गया?
यह सवाल जम्मू नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने शुक्रवार को स्थानीय कॉरपोरेटर सुनीत रैना व अनिल मासूम के साथ मांडा में वाहनों के यार्ड का निरीक्षण करने के दौरान संबंधित अधिकारियों से किए। चेयरमैन ने वहां खड़े वाहनों के बारे में मौजूद कर्मचारियों से जानकारी ली। चेयरमैन ने पाया कि निगम द्वारा 2012 के आसपास के कई वाहन यार्ड में कंडम बनाकर छोड़ दिए गए है। अधिकतर वाहन जो वहां पर हैं, उन्हें मरम्मत के बाद सडक़ पर उतारा जा सकता है लेकिन निगम के मेकैनिकल विंग की कारगुजारी के कारण इन वाहनों की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ऐसे में बलोरिया ने निगम अधिकारियों से जवाब मांगा है कि उन्हें बताया जाए कि 2012 के वाहनों को क्यों कंडम बना दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों कहा कि शहर में पहले ही वाहनों की कमी के कारण सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने में कठिनाई हो रही है, उस पर यार्ड में मरम्मत के अभाव में खड़े वाहनों को तय समय पर ठीक नहीं किया जा रहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द यार्ड में खड़े वाहनों की मरम्मत कर उसे सफाई के कार्य में लगाया जाए। जो वाहन अब चलने लायक नहीं है, उन्हें नीलाम कर इनके स्थान पर नए वाहनों की खरीद की जाए जिससे शहर के लोगों को सफाई व्यवस्था में वाहनों की कमी के कारण कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि इस मामले को निगम आयुक्त के ध्यान में भी लाया जाएगा।
कॉरपोरेटर सुनीत रैना ने कहा कि लगातार ट्रांसपोर्ट विंग से मिल रही वाहनों की कमी की जानकारी के बाद चेयरमैन ने मांडा यार्ड का निरीक्षण किया। उनके इस निरीक्षण के बाद काफी कुछ साफ हो गया है। मुख्य ट्रांसपोर्ट अधिकारी हरविंद्र सिंह, ट्रांसपोर्ट अधिकारी राकेश भट्ट, ट्रांसपोर्ट अधिकारी धर्मेंद्र सिंह व नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद थे।