Ceasefire Violation: पुंछ के शाहपुर सेक्टर में पाक दाग रहा गोले, भारतीय जवान दे रहे मुंहतोड़ जवाब
सुरक्षाबलों ने बताया कि यह लगातार तीसरा दिन है जब पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय सीमा में गोलाबारी की है। बुधवार को पाक सैनिकों ने पुंछ के बालाकोट सेक्टर में गोले दागे थे।
पुंछ, जेएनएन। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। हर बार भारतीय जवानों से मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तानी सैनिक आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों में गोले दाग रहे हैं। जिला पुंछ में लगातार तीसरे दिन भी पाकिस्तानी रेंजर ने शाहपुर सेक्टर में भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोले दाग रहा है। वहीं भारतीय सीमाओं की सुरक्षा में मुस्तैदी से तैनात भारतीय जवान भी इस गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
सुरक्षाबलों ने बताया कि यह लगातार तीसरा दिन है जब पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय सीमा में गोलाबारी की है। बुधवार को पाक सैनिकों ने पुंछ के बालाकोट सेक्टर में गोले दागे थे। उसके अगले दिन यानी गत वीरवार को उन्होंने देववार इलाके में गोलाबारी की। आज शाम करीब चाढ़े चार बजे के करीब पाकिस्तानी रेजरों ने एक बार फिर भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय जवान भी जवाब में गोले दाग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे पहले उन्होंने भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। गोलाबारी की आवाज आते ही लोग सुरक्षित स्थानों में चले गए। कुछ देर बाद पाक रेजरों ने रिहायशी इलाकों पर भी गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद गोलाबारी थम गई है। रूक-रूक कर गोलियां चलाई जा रही है।