पाकिस्तान ने पुंछ में शाहपुर किरनी सेक्टर के रिहायशी इलाकों में फिर दागे गोले, एक महिला की मौत
रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है आैर लोगों को सुरक्षित स्थानों में छिपने को कहा गया है। अभी भी दोनों आेर से गोलाबारी जारी है।
पुंछ, जेएनएन। जम्मू संभाग के जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे शाहपुर किरनी सेक्टर में l सुबह के बाद शाम को एक बार फिर पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है। इस बार पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना न बनाते हुए सीधा रिहायशी इलाकों पर गोले दागे। इस गोलाबारी में एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। भारतीय जवान भी पाकिस्तानी सैनिकों की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है आैर लोगों को सुरक्षित स्थानों में छिपने को कहा गया है। अभी भी दोनों आेर से गोलाबारी जारी है।
इससे पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह साढ़े नौ बजे के करीब भी इसी सेक्टर में गोलाबारी की थी। उन्होंने पहले तो भारतीय चौकियों पर हल्के हथियारों से गोलीबारी की परंतु जैसे ही भारतीय जवानों ने इसका जवाब देना शुरू किया तो दुश्मन सैनिकों ने रिहायशी इलाकों में मोर्टार दागना शुरू कर दिए। परंतु उसके बाद पाकिस्तान की आेर से गोलाबारी बंद कर दी गर्इ।
आतंकवादियों की भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने के लिए ही पाकिस्तान बार-बार सीजफायर का उल्लंघन करता है। गत सोमवार को भी पुंछ के इसी किरनी सेक्टर में तड़के 4:10 से 5:20 तक पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलाबारी की थी। पाकिस्तानी सैनिकों ने अपनी अग्रिम चौकी आरसी और रिंग कंटोल से भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों पर भारी गोलाबारी की थी। इस दौरान पाकिस्तान ने मोर्टार भी दागे। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना गोलाबारी की आड़ में आतंकियों को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करवाने का प्रयास कर रही है। जिसे हर बार भारतीय सेना नाकाम बना रही है। हालांकि पिछले एक सप्ताह से रूक-रूक जारी इस गोलाबारी के कारण नियंत्रण रेखा के नजदीकी गांव में स्कूलों को एहतियातन बंद रखा गया है। पाकिस्तान अक्सर सीमा से सटे गांव व स्कूलों को निशाना बनाकर गोलाबारी कर चुका है।