Ceasefire Violation: पाकिस्तान ने पुुंछ के मेंढर सेक्टर में फिर दागे गोले, एक नागरिक घायल
वहीं भारतीय जवान भी इस गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कई चौकियों को निशाना बनाया है।
पुंछ, जेएनएन। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। जिला पुंछ में एक बार फिर पाकिस्तानी सैनिकों ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए न सिर्फ भारतीय चौकियों को निशाना बनाया बल्कि रिहायशी इलाकों पर भी गोले दागे। शनिवार तड़के की गई इस गोलाबारी में मंजाकोट सेक्टर के साथ लगते रिहायशी इलाके में एक नागरिक घायल हो गया है। घायल को तुरंत स्थानीय अस्पताल भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं भारतीय जवान भी इस गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कई चौकियों को निशाना बनाया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि अधिकारिक तौर पर अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है। वहीं घायल की पहचान मोहम्मद रफीक पुत्र अल्ला दित्ता निवासी गोहलाद मेंढर के तौर पर हुइ है।
सैन्य सूत्रों के अनुसार नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार पाक सेना के साथ आतंकियों का भी जमावड़ा है जिन्हें भारतीय क्षेत्र में धकेलने के लिए साजिशें हो रही हैं। जम्मू संभाग के पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में पाक सेना ने गत शुक्रवार दोपहर को भी भारी गोलाबारी की थी। गोलाबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ कराने के प्रयास को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। भारतीय सेना के करारे जवाब के बाद भी पाक की ओर से गोलाबारी जारी थी।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे पाक सेना ने मनकोट सेक्टर में सेना की अग्रिम चौकियों के अलावा रिहायशी क्षेत्रों में मोर्टार शेल और दूसरे हथियारों से गोलाबारी शुरू कर दी। पाक सेना की गोलाबारी का कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद भी पाक सेना रुक-रुक कर भारतीय क्षेत्र में गोलाबारी को जारी रखे हुए है। सूत्रों के अनुसार गोलाबारी की आड़ में पाक सेना आतंकवादियों के दल को भारतीय क्षेत्र में दाखिल करवाने का प्रयास कर रही थी। आतंकी कई गुट में बंटे थे। भारतीय सेना के आला अधिकारी पूरे हालात पर नजर रखे हुए हैं। गौरतलब है कि अनुच्छेद 370 समाप्ति के करीब साढ़े सात माह से पाक सेना लगातार राजौरी से लेकर पुंछ तक भारी गोलाबारी कर रही है। गोलाबारी के चलते एलओसी से सटे गांवों के लोगों में दहशत है। गांवों के लोगों को खेतीबाड़ी करना मुश्किल हो गया है।