Jammu Kashmir Apni Party: बुखारी बोले - प्रदेश में चुनी हुई सरकार नहीं, नौकरशाही प्रशासन में लोगों की समस्याएं बढ़ी
जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के प्रधान अल्ताफ बुखारी ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में मौजूदा नौकरशाही प्रशासन लोगों की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रहा है। चुनी हुई सरकार न होने के कारण लोगों के मसलों का समाधान नहीं हो रहा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के प्रधान अल्ताफ बुखारी ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में मौजूदा नौकरशाही प्रशासन लोगों की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रहा है। चुनी हुई सरकार न होने के कारण लोगों के मसलों का समाधान नहीं हो रहा। हमारी पार्टी जम्मू कश्मीर के दोनों क्षेत्रों के लिए बनी है। दोनों क्षेत्रों के लोगों की मांग है कि जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किया जाए। हमारे भूमि और नौकरियों के अधिकार सुरक्षित रखे जाएं।
पार्टी मुख्यालय गांधी नगर जम्मू में पार्टी के जम्मू पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बुखारी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी है। नौकरशाही प्रशासन लोगों को बेहतर शासन उपलब्ध करवाने में विफल रहा है। बिना किसी भेदभाव के जम्मू कश्मीर के दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए काम कर रही है। हमारी मांग है कि जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करके जल्द विधानसभा के चुनाव करवाए जाएं ताकि चुनी हुई सरकार सामने आए। लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी के साथ हो।
जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी जनहित के मामलों को उजागर करके समाधान करवाने और गरीबों के कल्याण के लिए काम करने के लिए काम कर रही है। पार्टी के महासचिव विक्रम मल्होत्रा ने कहा कि जम्मू पूर्व विधानसभा क्षेत्र में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो रही हैं। पानी, बिजली की सप्लाई सुचारू न होने के अलावा सड़कों, गलियों की हालत खस्ता है। कार्यक्रम में विजय बकाया, मंजीत सिंह, सैयद असगर अली, बोधराज भगत व अन्य मौजूद थे।