बीएसएफ जम्मू फ्रंटियर को अश्विनी कुमार ट्रॉफी
राज्य ब्यूरो, जम्मू : सीमा से लेकर खेल के मैदान में अपनी बेहतरी का सबूत देने वाली सीमा सुरक्षा
राज्य ब्यूरो, जम्मू : सीमा से लेकर खेल के मैदान में अपनी बेहतरी का सबूत देने वाली सीमा सुरक्षा बल जम्मू फ्रंटियर को ट्रेनिंग व खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अश्विनी कुमार ट्रॉफी से नवाजा गया है।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने जम्मू फ्रंटियर के आइजी राम अवतार को वर्ष 2018 में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह ट्रॉफी सौंपी। इस मौके पर बीएसएफ के डीजी रजनीकांत मिश्रा भी मौजूद थे। इस मौके पर दुश्मन के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए जम्मू फ्रंटियर के जवानों व अधिकारियों के योगदान की सराहना की गई।
जम्मू फ्रंटियर पाकिस्तान की शह पर सीमा पर होने वाली शरारतों को नाकाम बनाने में योगदान दे रही है। पाकिस्तान की गोलाबारी का सामना करने के साथ जवान आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने की साजिशों को भी नाकाम बना रहे हैं। वर्ष 2018 में इस बल के तेरह जवानों ने देश की रक्षा करते हुए राज्य में वीरगति पाई।
इसी बीच जम्मू फ्रंटियर के आइजी ने जवानों के हौंसले की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अत्याधिक आपरेशनल चुनौतियों के बाद भी जम्मू फ्रंटियर के जवान व अधिकारी खुद को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं। चुनौतीपूर्ण हालात में ट्रेनिंग व खेल के लिए अश्विनी कुमार ट्राफी मिलना एक बहुत बड़ी बात है।