मुसलमानों का दुश्मन है पाकिस्तान, हर नापाक हरकत का कड़ा जवाब दिया जाएगा : रैना
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि पाकिस्तान सही में मुसलमानों और कश्मीरियों का दुश्मन है और उसे उसकी हर नापाक हरकत का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि पाकिस्तान सही में मुसलमानों और कश्मीरियों का दुश्मन है और उसे उसकी हर नापाक हरकत का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
आतंकवादी ग्रुप हिजबुल मुजाहिदीन के सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से संबंधित प्रश्न के जवाब में रैना ने कहा कि पाक जम्मू कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ट्रेनिंग और हथियार उपलब्ध करवा रहा है। पाकिस्तान ही सही मायनों में कश्मीर के लोगों का दुश्मन है और हजारों कश्मीरी पंडितों की हत्याओं के लिए भी जिम्मेदार है। पाकिस्तान का चेहरा विश्व के सामने बेनकाब हो चुका है। हमारे पास एक मजबूत प्रधानमंत्री हैं जो पाकिस्तान की नापाक हरकतों का जवाब देने में सक्षम हैं। जो भी देश या लोग हमारे देश के खिलाफ साजिश रचेंगे, उन्हें कड़ा जवाब दिया जाएगा। केंद्र की भाजपा सरकार देश की बाहरी सुरक्षा और आतंरिक सुरक्षा के लिए काम कर रही है।
भाजपा मुख्यालय में कई पंचायतों के सरपंचों ने समर्थकों सहित भाजपा का दामन थामा
इसी बीच त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में कई पंचायतों के सरपंचों ने समर्थकों सहित भाजपा का दामन थाम लिया। पूर्व में विभिन्न राजनीतिक दलों से संबंध रहने इन सरपंचों का प्रदेश भापजा अध्यक्ष रविंद्र रैना, पार्टी महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह व सुनील शर्मा ने विवेक शर्मा, सुरजीत कुमार, हमीद, सपना शर्मा, हर्ष भारती व कमल सिंह सहित अन्य का पार्टी में स्वागत किया।
सरपंचों और अन्य लोगों का पार्टी में स्वागत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रैना ने कहा कि भाजपा के सुशासन और सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के संकल्प से प्रभावित होकर लोग समाज सेवा का लक्ष्य लेकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। भाजपा ऐसे लोगों का स्वागत करती है। उम्मीद है कि उनके आने से पार्टी और मजबूत होगी। रैना ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र निर्माण का एजेंडा प्रमुख है। मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद देश के विकास व मजबूती के लिए हर संभव कदम उठाया है और उठा रही है। देश की जनता भी मोदी के फैसलों का स्वागत कर रही है क्योंकि जनता दूसरे दलों की राजनीति को जान चुकी है।
भाजपा में शामिल हुए सरपंचों ने कहा कि भाजपा ही सही मायनों में धर्मनिरपेक्ष पार्टी है, जो हर समुदाय के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे।