जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में संगठनात्मक चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर, कल बैठक में बनेगी रणनीति Jammu News
संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को चार महीने के अंदर पूरा करना होगा। पहले बूथ फिर मंडल स्तर के चुनाव होंगे। इसके बाद जिला व अंत में राज्य प्रधान के चुनाव होंगे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा ने जम्मू कश्मीर व लद्दाख में संगठनात्मक चुनाव करवाने के लिए कमर कस ली है। नवंबर माह के अंत तक प्रदेश भाजपा को राज्य प्रधान मिल जाएगा। जम्मू कश्मीर व लद्दाख में ब्लाक से लेकर राज्य प्रधान के चुनाव की रणनीति बनाने के लिए वीरवार को जम्मू में होने वाली अहम बैठक में संगठनात्मक चुनाव के राष्ट्रीय सह प्रभारी व सांसद विनोद सोनकर हाई कमान के प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे। वह संगठनात्मक चुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा को हाईकमान के निर्देशों के बारे में भी जानकारी देंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रधान, सांसद, एमएलसी, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, चुनाव के प्रभारी व सह प्रभारी भी हिस्सा लेंगे। संगठनात्मक चुनाव के सिलसिले में प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना व संगठन महामंत्री अशोक कौल इस समय कश्मीर में डेरा डाल कर भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों से बैठकें कर रहे हैं।
इसी बीच जम्मू में बुधवार को सदस्यता अभियान के राज्य प्रभारी विरेन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में बैठक में वीरवार को होने वाली अहम बैठक को लेकर विचार विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि वीरवार को शुरू होने संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को चार महीने के अंदर पूरा करना होगा। पहले बूथ, फिर मंडल स्तर के चुनाव होंगे। इसके बाद जिला व अंत में राज्य प्रधान के चुनाव होंगे।
वहीं संगठनात्मक चुनाव के सह प्रभारी मुनीश शर्मा ने जागरण को बताया कि कुल मिलाकर राज्य में भाजपा के 10,600 बूथ, 230 मंडलों व 29 जिलों मेें संगठनात्मक चुनाव होंगे। जिलों में संगठनात्मक चुनाव को कामयाब बनाने के लिए प्रदेश भाजपा के जिला चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी बना दिए गए हैं। उन्हें पारदर्शी तरीके से चुनाव करवाने के बारे में जानकारी दी जाएगी। संगठनात्मक चुनाव को लेकर बुधवार को हुई बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री कवीन्द्र गुप्ता, पूर्व मंत्री शाम चौधरी, राज्य प्रवक्ता बलवीर राम, जिला सचिव विनय गुप्ता भी मौजूद थे।