चुनाव की तैयारी में भाजपा महिला मोर्चा ने कमर कसी
जागरण संवाददाता, जम्मू : आगामी संसदीय चुनाव को लेकर तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी के
जागरण संवाददाता, जम्मू : आगामी संसदीय चुनाव को लेकर तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा ने भी कमर कस ली है। महिला मतदाताओं तक पहुंचने के लिए मोर्चा ने कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। मोर्चा ने चुनाव प्रचार के दौरान हर महिला मतदाता तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है और इन्हीं तैयारियों पर चर्चा करने के लिए वीरवार को पार्टी के कच्ची छावनी स्थित कार्यालय में मोर्चा की जम्मू जिला इकाई की बैठक हुई।
मोर्चा की जम्मू जिला प्रधान रेखा महाजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश महासचिव तथा जम्मू-पुंछ संसदीय सीट की प्रभारी संजिता डोगरा मुख्य रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने मोर्चा सदस्यों को मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रजनी सेठी व शीर्ष नेतृत्व से मिले निर्देशों से अवगत करवाया। उन्होंने मोर्चा सदस्यों को पार्टी की उपलब्धियों को जमीनी स्तर पर मतदाताओं तक पहुंचाने तथा शक्ति केंद्र प्रमुख व सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता लाने के लिए बनाई गई प्रभारियों को बूथ मजबूत बनाने की सलाह दी। उन्होंने आगामी दिनों में शुरू होने वाले कार्यक्रमों, कमल शक्ति अभियान, महिला समूह संपर्क, महिला लाभार्थी संपर्क, कमल ज्योति संकल्प, कमल संदेश मोटरसाइकिल महारैली, महिला सम्मेलन व अन्य की जानकारी देते हुए कहा कि महिला मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संसदीय चुनाव को देखते हुए यह कार्यक्रम तय किए हैं और इन्हें सफल बनाने के लिए मोर्चा सदस्यों को अभी से जुटना होगा।
जिला प्रधान रेखा महाजन ने इस मौके पर गांधी नगर मंडल की अध्यक्ष रेखा चौहान व ईस्ट मंडल की अध्यक्ष इंदू बाला के कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि बूथ जीता तो चुनाव जीता के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे को सफल बनाने में मंडल अध्यक्षों की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने नवनियुक्त वार्ड अध्यक्षों व शक्ति केंद्र प्रमुखों का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर काफी संख्या में महिला मोर्चा में शामिल भी हुई।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रदेश सचिव सविता आनंद व संगीता आनंद ने किया।